कांग्रेस प्रवक्ता राजीव त्यागी के निधन से शोक की लहर, राहुल गांधी ने पार्टी का बब्बर शेर बताकर किया याद

राजीव त्यागी के निधन की खबर से देश के राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर है। कांग्रेस ने गहरा शोक जताते हुए कहा कि राजीव त्यागी के अचानक निधन से हम सभी बेहद दुखी हैं। वे एक पक्के कांग्रेसी और सच्चे देशभक्त थे। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं परिवार के साथ हैं।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस के तेज-तर्रार प्रवक्ता राजीव त्यागी का आज शाम निधन हो गया है। बुधवार शाम अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने आखिरी सांस ली। जानकारी के मुताबिक राजीव त्यागी की मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई।

राजीव त्यागी कांग्रेस के तेज-तर्रार प्रवक्ता थे और टीवी चैनलों पर डिबेट में प्रभावशाली तरीके से पार्टी का पक्ष रखते थे। आज शाम भी वह एक टीवी चैनल पर डिबेट में शामिल हुए थे। उसके पहले खुद ट्वीट कर उन्होंने इसकी जानकारी भी दी थी। शाम में वो टीवी डिबेट में शामिल भी हुए। लेकिन उसके बाद अचानक घर पर ही उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। बेहोशी की हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

राजीव त्यागी के निधन की खबर से देश के राजनीतिक गलियारे में गहरी शोक की लहर है। कांग्रेस ने राजीव त्यागी के निधन पर गहरा शोक जताया है। कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा है कि राजीव त्यागी के अचानक निधन से हम सभी बेहद दुखी हैं। वे एक पक्के कांग्रेसी और सच्चे देशभक्त थे। इस दुख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं परिवार के साथ हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राजीव त्यागी को याद करते हुए कहा कि कांग्रेस ने आज अपना बब्बर शेर खो दिया। उन्होंने कहा, “राजीव त्यागी के कांग्रेस प्रेम और संघर्ष की प्रेरणा हमेशा याद रहेंगे। उन्हें मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि और परिवार को संवेदनाएं।”

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी राजीव त्यागी के निधन पर शोक वयक्त करते हुए इसे अपूर्णीय क्षति बताया। उन्होंने लिखा, ''कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव त्यागी जी की असामयिक मृत्यु मेरे लिए एक व्यक्तिगत दुःख है। हम सबके लिए अपूर्णीय क्षति है। राजीव जी विचारधारा समर्पित योद्धा थे। समस्त यूपी कांग्रेस की ओर से परिजनों को हृदय से संवेदना। ईश्वर उनके परिवार को दुख सहने की शक्ति दें।”

वहीं, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजीव त्यागी के निधन पर ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस पार्टी के मजबूत सिपाही और बेहतरीन प्रवक्ता राजीव त्यागी जी के आकस्मिक निधन का समाचार दुखद है। उनका जाना कांग्रेस पार्टी की न भरी जा सकने वाली क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति और परिवारजनों को संबल प्रदान करें।

बता दें कि गाजियाबाद के रहने वाले राजीव त्यागी की पढ़ाई-लिखाई भी गाजियाबाद में ही हुई थी और उन्होंने एमबीए की डिग्री हासिल की थी। वह उत्तर प्रदेश में लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े रहे थे और लगातार पार्टी के लिए काम कर रहे थे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 12 Aug 2020, 10:14 PM