अशोक मित्तल के ठिकानों पर ED की छापेमारी से भड़की 'AAP', कहा- BJP का ड्रामा शुरू

मनीष सिसोदिया ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि जब भी किसी राज्य में चुनाव होता है तो मोदी जी अपनी चुनावी फौज का पहला दस्ता भेजते हैं, ईडी और सीबीआई का... रेड करने का ड्रामा चलता है।

आप नेता मनीष सिसोदिया
i
user

नवजीवन डेस्क

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल और उनके परिवार से जुड़े ठिकानों पर की गई छापेमारी से सियासी माहौल गरमा गया है। आम आदमी पार्टी के नेता इसे बीजेपी की साजिश बता रहे हैं। उनका कहना है कि बीजेपी ने अभी से पंजाब चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है और इसके लिए अशोक मित्तल को निशाना बनाया जा रहा है।

दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "जब भी किसी राज्य में चुनाव होता है तो मोदी जी अपनी चुनावी फौज का पहला दस्ता भेजते हैं, ईडी और सीबीआई का... रेड करने का ड्रामा चलता है… फिर दंगे भड़काने वाली फौज जाती है… उसके बाद अमित शाह और मोदी जी के दौरे होते हैं। पीएम मोदी ध्यान रखिएगा कि ये पंजाब है। यहां बाबासाहेब और भगत सिंह से नफरत करने वालों की दाल नहीं गलने वाली।"

आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "जहां-जहां चुनाव होता है भाजपा अपनी एजेंसियों को पहले भेज देती है। पंजाब चुनाव के पहले राज्यसभा में 'आप' के उपनेता अशोक मित्तल के घर ईडी की छापेमारी उसी की एक शुरुआत है। इस खेल से कोई फायदा नहीं, पंजाब में बुरी तरह हारेगी भाजपा।"

वहीं, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "बीजेपी ने पंजाब चुनाव की तैयारी शुरु कर दी है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और सदन में पार्टी के उपनेता अशोक मित्तल के यहां ईडी की रेड चल रही है। क्या बीजेपी कहीं भी अपने दम पर चुनाव नहीं लड़ सकती? क्या बीजेपी जनता के बीच इतनी नकारा हो चुकी है कि उसकी सारी चुनाव तैयारियां ईडी और सीबीआई की कार्रवाई से ही शुरु होती हैं। मोदी सरकार एक तानाशाह की तरह काम कर रही है। पंजाब के लोग आम आदमी पार्टी के साथ हैं। करते रहो ईडी, सीबीआई बीजेपी वालों।"

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia