त्योहारों से पहले AC-TV खरीदने वालों को लगेगा झटका! 8% तक बढ़ सकते हैं दाम, कंपनियां कर रहीं तैयारी
त्योहारी सीजन से पहले AC, LED TV, वॉशिंग मशीन और रेफ्रिजरेटर महंगे हो सकते हैं। कंपनियां बढ़ती कच्चे माल की लागत के चलते दाम बढ़ा रही हैं।

त्योहारी सीजन से पहले एसी समेत कई इलेक्ट्रॉनिक्स सामान के दाम बढ़ने वाले हैं।
कंपनियां कच्चे माल की बढ़ती लागत के कारण अलग-अलग उत्पादों की कीमतें बढ़ा रही हैं।
एसी के दाम में करीब 5 से 8 प्रतिशत, जबकि कुछ घरेलू उपकरणों में 3 से 4 प्रतिशत तक बढ़ोतरी संभव है।
कंपनियों को चिंता है कि कीमत बढ़ने से त्योहारी सीजन की मांग प्रभावित हो सकती है।
त्योहारी सीजन में खरीदारी की तैयारी कर रहे लोगों के लिए घरेलू उपकरण महंगे पड़ सकते हैं। एयर कंडीशनर (AC), एलईडी टीवी, वॉशिंग मशीन और रेफ्रिजरेटर समेत कई कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स के दाम बढ़ने की तैयारी है। प्रमुख कंपनियां तांबा, एल्युमिनियम, इस्पात और प्लास्टिक जैसे कच्चे माल की बढ़ती लागत को देखते हुए कीमतों में बढ़ोतरी कर रही हैं। अलग-अलग कैटेगरी में यह बढ़ोतरी करीब 3 से 8 प्रतिशत तक हो सकती है।
AC की कीमतों में 5 से 8% तक बढ़ोतरी
कंपनियों के मुताबिक कच्चे माल की लागत के अलावा माल ढुलाई खर्च और विदेशी मुद्रा में उतार-चढ़ाव ने भी लागत बढ़ाई है। इस साल यह तीसरी बार होगा जब कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियां कीमतों में बढ़ोतरी करेंगी। एसी की कीमतें करीब 5 से 8 प्रतिशत तक बढ़ सकती हैं, जबकि कुछ कंपनियां वॉशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर और एलईडी टीवी के दाम 3 से 4 प्रतिशत तक बढ़ाने की तैयारी में हैं।
ब्लू स्टार, गोदरेज अप्लायंसेज, हायर, डाइकिन और सुपर प्लास्ट्रॉनिक्स समेत कई कंपनियां अलग-अलग कैटेगरी में कीमत बढ़ाने की घोषणा कर चुकी हैं। एलजी और बॉश होम कम्फर्ट ने भी एसी की कीमत करीब 5 प्रतिशत बढ़ाई है। वहीं, पैनासोनिक अभी स्थिति का आकलन कर रही है।
ब्लू स्टार के प्रबंध निदेशक बी. त्यागराजन के मुताबिक, जिंसों की बढ़ती कीमतों के कारण एसी और डीप फ्रीजर की कीमतें पहले ही 5 से 8 प्रतिशत बढ़ाई जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि तांबा, इस्पात और प्लास्टिक समेत कई कच्चे माल महंगे हुए हैं और कंपनी इस साल अब तक तीन बार कीमतें बढ़ा चुकी है।
तांबे की कीमत बढ़ने से AC की लागत पर असर
गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप के कारोबार प्रमुख और कार्यकारी उपाध्यक्ष कमल नंदी ने कहा कि पिछली कीमत समीक्षा के बाद जिंस की लागत में 8 से 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में अलग-अलग कैटेगरी में 5 से 7 प्रतिशत तक दाम बढ़ाना जरूरी हो गया है। हालांकि, पुराने दाम पर खरीदा गया स्टॉक करीब एक से डेढ़ महीने तक बाजार में उपलब्ध रह सकता है।
हायर इंडिया के अध्यक्ष एन.एस. सतीश ने बताया कि कंपनी 1 अक्टूबर से एसी की कीमतों में करीब 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी करेगी। एलईडी टीवी और वॉशिंग मशीन की कीमतें भी 2 से 3 प्रतिशत तक बढ़ाई जाएंगी। उनका कहना है कि अगर कच्चे माल की लागत बढ़ती रही तो दिसंबर और जनवरी में भी कीमतों में बढ़ोतरी की जा सकती है।
सतीश के अनुसार, तांबे की कीमत पिछले साल के करीब 8,000-9,000 डॉलर प्रति टन से बढ़कर लगभग 14,500 डॉलर प्रति टन हो गई है। एक एसी में औसतन 3 से 4 किलोग्राम तांबे का इस्तेमाल होता है, इसलिए तांबे की कीमत बढ़ने का सीधा असर एसी की लागत पर पड़ रहा है।
त्योहारी मांग पर बढ़ी कीमतों का कितना असर?
डाइकिन एयरकंडीशनिंग इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक कंवलजीत जावा ने बताया कि कंपनी ने 16 सितंबर से कीमतों में 8 से 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। उनके मुताबिक, तांबे की कीमतों में करीब 25 से 35 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और डॉलर मजबूत होने से लागत का दबाव और बढ़ा है। वहीं, सुपर प्लास्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड (एसपीपीएल) अक्टूबर के बाद टीवी की कीमतों में करीब 7 प्रतिशत बढ़ोतरी की योजना बना रही है। कंपनी के मुताबिक, दूसरे घरेलू उपकरणों के दाम पहले ही 4 से 5 प्रतिशत बढ़ाए जा चुके हैं।
कंपनियों के सामने अब सबसे बड़ी चिंता त्योहारी मांग को लेकर है। आमतौर पर नवरात्रि से दिवाली तक कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू उपकरणों की बिक्री बढ़ती है और कंपनियां ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए छूट और ऑफर देती हैं। ऐसे में बढ़ी हुई कीमतों का असर खरीदारी पर कितना पड़ेगा, यह कंपनियों के लिए अहम सवाल है।
इंडस्ट्री की रिपोर्ट के अनुसार, ओणम से दशहरा और दिवाली तक का त्योहारी दौर घरेलू उपकरण निर्माताओं की सालाना बिक्री में करीब 30 से 40 प्रतिशत योगदान देता है। ऐसे में कंपनियों के लिए बढ़ती उत्पादन लागत और त्योहारी मांग के बीच संतुलन बनाना बड़ी चुनौती होगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
