बॉलीवुड एक्टर विजय राज छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार, कोर्ट में पेशी के बाद मिली जमानत

चर्चित अभिनेता विजय राज पर फिल्म की एक क्रू मेंबर से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई है। विजय राज अभी फिल्म ‘शेरनी’ की शूटिंग कर रहे थे, जिसकी क्रू मेंबर ने उन पर ये आरोप लगाया है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

आसिफ एस खान

बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता विजय राज पर एक फिल्म की शूटिंग के दौरान एक महिला क्रू मेंबर से छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले में शिकायत मिलने पर पुलिस ने सोमवार को महाराष्ट्र के गोंदिया जिले से विजय राज को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें छेड़छाड़ के आरोप में मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।

इस बारे में गोंदिया के एएसपी अतुल कुलकर्णी ने बताया कि अभिनेता विजय राज के खिलाफ उनकी एक को-एक्ट्रेस ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। मिली जानकारी के अनुसार 2 नवंबर की रात शेरनी फ़िल्म की शूटिंग में सहयोगी कलाकार के रूप में काम करने आई एक महिला ने विजय राज पर द गेटवे होटल में छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए गोंदिया के रामनगर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला की शिकायत पर आईपीसी की धारा 354 (ए) (डी) के तहत मामला दर्ज कर विजय राज को गिरफ्तार किया गया था।

बता दें कि इस समय अभिनेता फिल्म शेरनी की शूटिंग कर रहे हैं, जिसमें अभिनेत्री विद्या बालन मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म की शूटिंग गोंदिया जिले से सटे मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में जारी है। पिछले कई दिनों से फिल्म के सभी कलाकार गोंदिया के एक तीन सितारा होटल “द गेटवे” में ठहरे हुए हैं। क्रू मेंबर ने इसी होटल में विजय राज द्वारा छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। खबर है कि विजय राज की गिरफ्तारी के बाद फिल्म ‘शेरनी’ की शूटिंग रोक दी गई है।

गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब विजय राज किसी मामले में फंसे हों। कुछ साल पहले वह ड्रग्स रखने के आरोप में दुबई में भी गिरफ्तार हो चुके हैं। हालांकि, बाद में ड्रग्स रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें छोड़ दिया गया था। उस समय कई बॉलीवुड हस्तियों ने विजय राज के पक्ष में बयान दिया था।

बता दें कि अभिनेता विजय राज अपनी अलग तरह की एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं। वह बॉलीवुड के काफी जाने-पहचाने नाम हैं। विजय राज अब तक कई सफल फिल्मों में यादगार भूमिका निभा चुके हैं, जिनमें मुंबई एक्सप्रेस, मानसून वेडिंग, वेलकम, धमाल, डेढ़ इश्किया, मुंबई टू गोवा, ए सूटेबल बॉय, रघु रोमियो, रन जैसी कई चर्चित फिल्में शामिल हैं। उन्होंने 2014 में आई फिल्म ‘क्या दिल्ली क्या लाहौर’ का निर्देशन भी किया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia