अमूल के बाद मदर डेयरी का दूध भी दो रुपये लीटर महंगा, कल से ही लागू होंगी नई कीमतें
हर घर की रोजमर्रा की जरूरत दूध की कीमतों में इस बढ़ोतरी से खाद्य महंगाई पर असर पड़ेगा और इससे मध्यम वर्ग के उपभोक्ताओं के बजट पर भी बोझ पड़ेगा।

अमूल के बाद मदर डेयरी ने भी देश भर में दूध के दाम बढ़ा दिए हैं। मदर डेयरी ने बढ़ती लागत को आंशिक रूप से संतुलित करने का हवाला देते हुए दूध की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। नई दरें 14 मई से प्रभावी होंगी। इससे पहले अमूल ने भी देश भर में दूध के दाम में बढ़ोत्तरी का ऐलान किया है।
मदर डेयरी कंपनी ने बुधवार को बयान में कहा कि उसने अपने दूध की विभिन्न किस्मों की उपभोक्ता कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है, जो 14 मई, 2026 से लागू होगी। कंपनी ने कहा, “पिछले एक वर्ष में किसानों से खरीद मूल्य में लगभग छह प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उपभोक्ताओं पर असर कम करने के लगातार प्रयासों के बावजूद यह बढ़ोतरी आवश्यक हो गई थी।” कंपनी के अनुसार, पिछला कीमत संशोधन अप्रैल, 2025 के अंत में किया गया था।
मदर डेयरी ने कहा कि यह मूल्य संशोधन बढ़ी हुई लागत का केवल आंशिक भार उपभोक्ताओं पर डालता है और इसका उद्देश्य किसानों के हित और उपभोक्ताओं के हितों के बीच संतुलन बनाए रखना है। मदर डेयरी ने कहा कि वह अपने दूध बिक्री से प्राप्त राजस्व का लगभग 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को भुगतान करती है।
मदर डेयरी दिल्ली-एनसीआर में प्रतिदिन लगभग 35 लाख लीटर दूध की बिक्री करती है।एनसीआर में टोंड मिल्क (खुले रूप में बिकने वाला) की कीमत बढ़ाकर 58 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, जो पहले 56 रुपये प्रति लीटर थी। फुल क्रीम दूध (पाउच) की कीमत 72 रुपये प्रति लीटर होगी। टोंड मिल्क (पाउच) का दाम 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है, जबकि डबल टोंड मिल्क 54 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। गाय के दूध की कीमत भी 60 रुपये से बढ़ाकर 62 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।
मदर डेयरी ने पिछले वित्त वर्ष में बेहतर मांग के कारण अपने डेयरी उत्पादों और खाद्य तेलों की बिक्री में 17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करते हुए 20,300 करोड़ रुपये का कारोबार हासिल किया। इससे पहले बुधवार शाम को अमूल ब्रांड के तहत अपने दुग्ध उत्पाद बेचने वाली गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन ने दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ोत्तरी की घोषणा की। रोजमर्रा की जरूरत दूध की कीमतों में इस बढ़ोतरी से खाद्य महंगाई पर असर पड़ेगा और इससे मध्यम वर्ग के उपभोक्ताओं के बजट पर भी बोझ पड़ेगा।
इसे भी पढ़ेंः मंहगाई का एक और झटका, अमूल ने देश भर में दूध के दाम बढ़ाए, 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ोत्तरी, नई दर 14 मई से लागू
