राहुल गांधी के बाद प्रियंका भी हिरासत में, कांग्रेस मुख्यालय के बाहर धरने से उठाने में छूटे पुलिस के पसीने

संसद भवन से मार्च के दौरान राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई सांसद काले कपड़े पहने नजर आए तो वहीं मार्च में सबसे आगे चल रही महिला सांसदों ने सब्जियों की माला पहनकर महंगाई और जीएसटी के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करवाया।

फोटोः विपिन
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

महंगाई, बेरोजगारी और खाद्य पदार्थों पर जीएसटी लगाने को लेकर मोदी सरकार के खिलाफ आज कांग्रेस का देशव्यापी प्रदर्शन जारी है। दिल्ली में जहां राहुल गांधी ने संसद से प्रदर्शन की शुरुआत की, वहीं दूसरी तरफ प्रियंका गांधी ने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर मोर्चा संभाला। प्रियंका मुख्यालय के पास सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं। कांग्रेस के तमाम सांसद और नेताओं ने आज काले कपड़े पहनकर मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

इसके बाद संसद से राष्ट्रपति भवन की ओर मार्च कर रहे राहुल गांधी और उनके साथ तमाम अन्य सांसदों और वरिष्ठ पार्टी नेताओं को दिल्ली पुलिस ने विजय चौक के पास हिरासत में ले लिया। वहीं दूसरी ओर सड़क पर धरने पर बैठी प्रियंका गांधी को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रियंका गांधी को धरने से उठाने और हिरासत में लेने में पुलिस की खासी मशक्कत करनी पड़ी।


हिरासत में लिए जाने पर राहुल गांधी ने कहा कि हम शांति से राष्ट्रपति भवन जाना चाहते थे। रैली में सभी लोग राज्यसभा और लोकसभा के सांसद हैं मगर हमें जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों को लेकर हम यहां हैं। लोकतंत्र की हत्या हो रही है। उन्होंने आगे कहा कि हमारा काम ये सुनिश्चित करना है कि भारतीय लोकतंत्र सुरक्षित हो। हमारा काम जनता के विषयों को उठाना है और हम अपना काम कर रहे हैं।

राहुल गांधी के बाद प्रियंका भी हिरासत में, कांग्रेस मुख्यालय के बाहर धरने से उठाने में छूटे पुलिस के पसीने

इससे पहले कांग्रेस के प्रदर्शन की शुरुआत करते हुए राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी के सांसदों ने संसद भवन में प्रदर्शन किया और फिर संसद के गेट नंबर एक से विजय चौक तक मार्च किया। इस मार्च के दौरान राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई सांसद काले कपड़े पहने नजर आए तो वहीं मार्च में सबसे आगे चल रहे महिला सांसदों ने सब्जियों की माला पहनकर महंगाई और जीएसटी के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करवाया। इसके अलावा कांग्रेस ने मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ राज्यों में राजभवन घेराव के कार्यक्रम का भी ऐलान किया है, तो वहीं जिला और ब्लॉक मुख्यालयों में भी प्रदर्शन करेगी।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia