जेल से रिहा हुए चंद्रशेखर का ऐलान, कल फिर जाएंगे जामा मस्जिद, कहा- कानून वापस होने तक जारी रहेगी लड़ाई

भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर ने तिहाड़ जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद कहा है कि हमारी लड़ाई संवैधानिक है और देश तोड़ने वाले नागरिकता संशोधन कानून के वापस होने तक जारी रहेगी। चंद्रशेखर ने कहा कि कल दोपहर 1 बजे वह दिल्ली की जामा मस्जिद जाएंगे।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ बीते महीने दिल्ली के जामा मस्जिद पर प्रदर्शन करने के बाद गिरफ्तार भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद गुरुवार की शाम को जमानत पर तिहाड़ जेल से रिहा होकर बाहर आ गए। जेल से रिहा होने के बाद चंद्रशेखर ने ऐलान किया कि कल शुक्रवार को दोपहर 1 बजे वह दिल्ली की जामा मस्जिद जाएंगे और उसके बाद वह रविदास मंदिर के साथ ही गुरुद्वारा और चर्च भी जाएंगे।

इस दौरान चेंद्रशेखर ने आगे भी लड़ाई जारी रखने का ऐलान करते हुए कहा कि “हमारी लड़ाई संवैधानिक है और यह संवैधानिक रूप से तब तक जारी रहेगी जब तक कि सरकार नागरिकता संशोधन कानून को वापस नहीं ले लेती।” साथ ही उन्होंने कहा कि जो लोग देश को बांटना चाहते हैं, वह उनके खिलाफ हैं।

बता दें कि एक दिन पहले दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने चंद्रशेखर की जमानत अर्जी मंजूर करते हुए उन्हें जेल से रिहा करने का आदेश दिया था। हालांकि जमानत के साथ कोर्ट ने शर्त लगाते हुए कहा है कि चंद्रशेखर अगले 4 हफ्ते तक दिल्ली में नहीं रहेंगे। साथ ही कोर्ट ने उन्हें मामले में चार्जशीट दायर होने तक हर शनिवार को सहारनपुर थाने के एसएचओ के सामने हाजिरी देने का भी निर्देश दिया है।

गौरतलब है कि पिछले महीने दिल्ली के जामा मस्जिद इलाके में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान दरियागंज इलाके में भड़की हिंसा में शामिल होने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर को गिरफ्तार किया था। दिल्ली पुलिस ने चंद्रशेखर को जामा मस्जिद के बाहर से तब हिरासत में लिया था, जब उन्होंने प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई के बदले अपनी गिरफ्तारी देने का ऐलान किया।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 16 Jan 2020, 11:27 PM