दो दिन की चुप्पी के बाद एकनाथ शिंदे सतारा से मुंबई रवाना, बोले- पीएम मोदी और अमित शाह के फैसले को पूरा समर्थन

महाराष्ट्र चुनाव के नतीजों में महायुति की जीत के बावजूद अब तक सरकार गठन नहीं हो पाया है। कहा जा रहा है कि महायुति में सीएम पद को लेकर बीजेपी और एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना में खींचतान चल रही है। शिंदे के अचानक सतारा चले जाने से अटकलों का बाजार गर्म हो गया था।

दो दिन की चुप्पी के बाद एकनाथ शिंदे सतारा से मुंबई रवाना, बोले- पीएम मोदी और अमित शाह के फैसले को पूरा समर्थन
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

महाराष्ट्र में महायुति सरकार के गठन पर संशय के बीच दो दिन की चुप्पी के बाद कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे आज सतारा से मुंबई के लिए रवाना हो गए। इससे पहले शिंदे ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि मैंने पहले ही प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और बीजेपी अध्यक्ष के फैसले को बिना शर्त समर्थन दे दिया है और महाराष्ट्र के लिए वे जो भी फैसला लेंगे, मैं उसका समर्थन करूंगा।

एकनाथ शिंदे ने सतारा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उनके सवालों के जवाब दिए। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अभी मेरी तबीयत अच्छी है। मैं यहां पर आराम करने आया था। चुनाव में बहुत भाग दौड़ हो गई थी। मैंने एक में दिन 8-10 सभाएं की थी। मैंने 2-2.5 साल के कार्यकाल में कोई छुट्टी नहीं ली थी। उन्होंने आगे कहा कि काम के बहाने अभी भी लोग मुझसे मिलने आए हैं। यहां आने के बावजूद भी मुझे लोगों से मिलना है। ये सरकार जनता की आवाज वाली सरकार है।


सरकार गठन पर शिंदे ने कहा कि मेरा समर्थन सरकार के साथ है। जनता को जैसी सरकार चाहिए वैसी मिलेगी। मैंने बुधवार को पूरी तरह मेरी भूमिका स्पष्ट की हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह जो कहेंगे उसे मेरा पूरा समर्थन है। हमारे तीनों दलों में समन्वय है। एकनाथ शिंदे ने आगे कहा कि हमने आज तक के इतिहास में दो से ढाई साल के अंदर इतने बड़े पैमाने पर विकास और जनता के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चालू की हैं। इतनी योजनाएं ढाई साल में करने वाली यह ऐतिहासिक सरकार है। यह सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा। हमारी सरकार आम आदमी की सरकार है। जो हम कहते थे वो करके दिखाया है।

शिंदे ने कहा कि जनता ने हमें इतना बड़ा आशीर्वाद दिया है कि पूरी तरह विपक्ष को विपक्ष का नेता भी नहीं मिला है। इससे पता चलता है कि हमने इतने कम समय में जो इतना काम किया है ये उसका नतीजा है। मैंने अपनी भूमिका साफ कर दी है। पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह मुख्यमंत्री का फैसला लेंगे। वो जो कहेंगे उन्हें हमारा समर्थन है। सरकार स्थापित हो जाएगी। हमारे सभी तीनों दलों में समन्वय है। हमें क्या मिले यह हमारा फैसला नहीं है, महाराष्ट्र की जनता को क्या मिले यह हमारा फैसला है। हमारी जिम्मेदारी बढ़ गई है, क्योंकि महाराष्ट्र की जनता ने हमें बहुत दिया है अभी हमें उनका विकास करना है। जन कल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाना है।


महाराष्ट्र चुनाव के नतीजों में महायुति को बहुमत मिलने के बावजूद राज्य में सरकार गठन पर स्थिति साफ नहीं हो पाई है। कहा जा रहा है कि महायुति में सीएम पद को लेकर बीजेपी और एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना में खींचतान चल रही है। गुरुवार को दिल्ली में बीजेपी नेताओं से मुलाकात के बाद मुंबई लौटे एकनाथ शिंदे अचानक सतारा अपने गांव चले गए थे, जिससे अटकलों का बाजार गर्म हो गया था। हालांकि, अब चर्चा है कि रविवार की शाम तक कुछ बड़े राजनीतिक घटनाक्रम सामने आ सकते हैं। महाराष्ट्र में महायुति के मुख्यमंत्री पद को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia