दिवाली से पहले दिल्ली में दमघोंटू हुई हवा! कई इलाकों में AQI 600 के पार, GRAP-3 भी बेअसर, नोएडा-गाजियाबाद का भी बुरा हाल

दिवाली से पहले दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण ने गंभीर रूप ले लिया है। राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में AQI 600 से 750 के बीच दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं नोएडा और गाजियाबाद की स्थिति भी काफी गंभीर नजर आ रही है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
  • दिल्ली के नरेला, बवाना, जहांगीरपुरी और विकासपुरी समेत कई इलाकों में AQI 600 से 750 के बीच पहुंचा।

  • नोएडा के कई सेक्टरों में AQI 600 पार, गाजियाबाद में भी 690 तक पहुंचा प्रदूषण का स्तर।

  • प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए दिल्ली-NCR में GRAP-3 लागू, निर्माण कार्यों और वाहनों पर सख्ती के बावजूद राहत नहीं।

दिवाली से ठीक पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में प्रदूषण ने एक बार फिर खतरनाक रूप ले लिया है। हवा की गुणवत्ता लगातार बिगड़ रही है और लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात इस कदर खराब हो गए हैं कि दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 600 के पार पहुंच गया है।

प्रदूषण की गंभीर स्थिति को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने पूरे दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण यानी GRAP-3 को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है।आपको बता दें, AQI की आधिकारिक वेबसाइट पर ये 600 का आंकडा यूएस स्टैंडर्ड से दिख रहा है, जब आप इंडियन स्टैंटर्ड से इसे देखेंगे तो ये अंतर 100 का है जो फिलहाल 516 दिखाई पड़ता है।

दिवाली से पहले दिल्ली में दमघोंटू हुई हवा! कई इलाकों में AQI 600 के पार, GRAP-3 भी बेअसर, नोएडा-गाजियाबाद का भी बुरा हाल

दिल्ली के कई इलाकों में 600 पार एक्यूआई

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों को मुताबिक, आनंद विहार में 618, अशोक विहार 696, आया नगर 658, बदरपुर 315, बवाना इंडस्ट्रीयल एरिया 735, द्वारका में 619, विकास पुरी में 718, जनपथ 591, जहांगीरपुरी 704, ओखला में 619, पंजाबी बाग 585, रोहिणी 615, विवेक विहार 638, सीलमपुर के आसपास में 700, नरेला 751 दर्ज किया गया।

नोएडा और गाजियाबाद का भी बुरा हाल

सीपीसीबी के सुबह 9 बजे के आंकड़ों के अनुसार, नोएडा में 627, सेक्टर 78 में 526, नॉलेजपार्क 2 में 616, सेक्टर 36 में 627, सेक्टर-29 में 627 एक्यूआई दर्ज किया गया।

वहीं गाजियाबाद में भी हवा की हालत खराब है। शहर का एक्यूआई 678 तक दर्ज किया गया है। इंदिरापुरम में 614 से 691, मोहन नगर में 690 , संजय नगर में 626 और वेव सिटी में 680, राजनगर एक्सटेंशन में 630 एक्यूआई दर्ज किया गया।

दिवाली से पहले दिल्ली में दमघोंटू हुई हवा! कई इलाकों में AQI 600 के पार, GRAP-3 भी बेअसर, नोएडा-गाजियाबाद का भी बुरा हाल

दिल्ली में प्रदूषण का कहर, कई इलाकों में हवा बेहद जहरीली

दिवाली से पहले दिल्ली की हवा लगातार दमघोंटू होती जा रही है। राजधानी के अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण का स्तर गंभीर स्थिति में पहुंच गया है। कई मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI 600 से ऊपर दर्ज किया गया है। इससे साफ है कि दिल्ली के लोगों को फिलहाल साफ हवा मिलने की उम्मीद कम नजर आ रही है। दिल्ली के आधिकारिक एयर क्वालिटी डैशबोर्ड पर 7 नवंबर की सुबह 8 बजे के आंकड़ों के मुताबिक, शहर का औसत AQI 645 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में है। वहीं, कई मॉनिटरिंग स्टेशनों पर स्थिति इससे भी ज्यादा चिंताजनक रही।

CAQM ने लागू किया GRAP-3, दिल्ली-एनसीआर में सख्त पाबंदियां

प्रदूषण के लगातार बढ़ते स्तर को देखते हुए CAQM की GRAP उप-समिति ने 6 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर में GRAP के तीसरे चरण को तत्काल प्रभाव से लागू करने का फैसला लिया। आयोग के मुताबिक, 6 नवंबर को दिल्ली का औसत दैनिक AQI 382 दर्ज किया गया था, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है।

मौसम विभाग और भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) के पूर्वानुमान में आने वाले दिनों में हवा की गुणवत्ता और बिगड़ने की आशंका जताई गई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदूषण के गंभीर स्तर तक पहुंचने से पहले ही GRAP-3 की पाबंदियां लागू कर दी गईं।

GRAP-3 के तहत क्या-क्या पाबंदियां लागू?

GRAP-3 लागू होने के बाद दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर अतिरिक्त सख्ती की जाती है। इसके तहत प्रमुख कदम इस प्रकार हैं:

  • गैर-जरूरी निर्माण और तोड़फोड़ की गतिविधियों पर रोक लगाई जाती है।

  • धूल फैलाने वाले निर्माण कार्यों को बंद करना होता है।

  • सड़कों और अन्य निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के उपाय सख्ती से लागू किए जाते हैं।

  • दिल्ली में BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल के हल्के मोटर वाहनों पर निर्धारित प्रतिबंध लागू होते हैं।

दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों में 49 भारत के!

भारत में वायु प्रदूषण की गंभीरता का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि उपलब्ध वैश्विक प्रदूषण रैंकिंग के आंकड़ों के मुताबिक, दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों में 49 शहर भारत के बताए जा रहे हैं। इन शहरों में सबसे खराब स्थिति पंजाब के बठिंडा की बताई गई है, जहां AQI 939 तक पहुंचने का दावा किया गया है।

इस सूची में दिल्ली 21वें स्थान पर बताई जा रही है, जहां AQI 424 दर्ज किया गया है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इन प्रदूषित शहरों में बड़ी संख्या उत्तर भारत के राज्यों में स्थित है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए