तेज टर्बुलेंस की चपेट में आया एयर इंडिया का विमान, यात्रियों में मची अफरा-तफरी, कई घायल, फुकेत से दिल्ली आ रही थी फ्लाइट

शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, इस घटना में 12 यात्रियों को चोटें आई हैं। किसी के कान में तो किसी की गर्दन में चोट लगी, जिनका इलाज कराया जा रहा है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI2379 सोमवार को उड़ान के दौरान तेज़ टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। अचानक आए जोरदार झटकों से विमान में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री घायल हो गए।

शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, इस घटना में 12 यात्रियों को चोटें आई हैं। किसी के कान में तो किसी की गर्दन में चोट लगी, जिनका इलाज कराया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों के मुताबिक, दिल्ली पहुंचने से कुछ समय पहले विमान अचानक नीचे आने लगा और तेज़ी से हिचकोले खाने लगा। इससे विमान में बैठे लोगों में दहशत फैल गई और कई यात्री अपनी सीटों से झटका खाकर घायल हो गए। हालांकि, पायलट ने स्थिति को संभालते हुए विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई।

एअर इंडिया ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि 4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI2379 को उड़ान के दौरान कुछ समय के लिए टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा, जिससे विमान की ऊंचाई में हल्का और अचानक बदलाव आया। एयरलाइन के अनुसार, विमान दिल्ली में सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री तथा क्रू सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए।

एअर इंडिया का कहना है कि इस घटना में किसी भी यात्री या क्रू सदस्य को गंभीर चोट नहीं आई है। जिन यात्रियों और क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आईं या जिन्हें चिकित्सकीय जांच की आवश्यकता थी, उन्हें एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट पर मौजूद मेडिकल सुविधा केंद्र भेजा गया, जहां एयरलाइन की टीम और मेडिकल स्टाफ़ ने उनका इलाज और स्वास्थ्य परीक्षण किया। एयर इंडिया ने दोहराया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा और उनकी भलाई उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।