अजित सिंह का पीएम पर तंज, कहा- अगर श्रीलंका गए होते मोदी तो कहते रावण को मैंने ही मारा

आरएलडी अध्यक्ष अजित सिंह ने पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि वे इतने होशियार और शातिर इंसान हैं कि यदि श्रीलंका चले जाते तो लौटकर कहते कि रावण को मैंने ही मारा।

फोटो: सोशल मीडिया 
i

झूठ बोलने को लेकर आरएलडी अध्यक्ष अजित सिंह ने पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम मोदी को लगता है कि उनके अलावा कोई और काम ही नहीं कर रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि वह इतने होशियार और शातिर इंसान हैं कि यदि श्रीलंका चले जाते तो लौटकर कहते कि रावण को मैंने ही मारा। उन्होंने आगे कहा कि मोदी सरकार की किसान विरोधी नीतियों के चलते किसान परेशान हैं और लोगों ने हाय-हाय मोदी, बाय-बाय मोदी के नारे लगाने शुरू कर दिए हैं। अजित सिंह ने फिर तंज कसते हुए कहा कि वह झूठ नहीं बोलते, बस इन्होंने आज तक सच नहीं बोला।

अजित सिंह ने कहा, “पीएम मोदी तीन तलाक को लेकर महिलाओं के बड़े पक्षधर बनते हैं। लेकिन अपनी पत्नी को एक बार भी तलाक नहीं बोला, और छोड़ दिया।” उन्होंने आगे कहा, “बच्चों को कहते हैं, सच बोला करो, लेकिन इसके मां-बाप ने नहीं सिखाया। महिलाओं का पक्षधर है, तीन तलाक तीन तलाक।

इस दौरान अजीत सिंह ने पीएम मोदी के साथ-साथ सीएम योगी को भी घेरा। उन्होंने आगे कहा कि मोदी-योगी भी क्या जोड़ी है, ये मूर्तिया बनवाते है, आरती करते है और फिर दंगे करवाते हैं।

बता दें चौधरी अजीत सिंह गठबंधन की तरफ से मुजफ्फरनगर से चुनावी मैदान में हैं। उनका मुकाबला बीजेपी के मौजूदा सांसद संजीव बालियान से है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 04 Apr 2019, 11:52 AM