राकेश झुनझुनवाला की अकासा एयर उड़ान भरने को तैयार, 7 अगस्त से शुरू होगा कमर्शियल परिचालन

अकासा एयर के सह-संस्थापक और मुख्य कमर्शियल अधिकारी प्रवीण अय्यर ने कहा कि हम अपने नेटवर्क विस्तार योजनाओं के लिए चरणबद्ध दृष्टिकोण अपनाएंगे और अधिक शहरों को जोड़ेंगे, क्योंकि हम अपने पहले साल में हर महीने अपने बेड़े में दो विमान जोड़ रहे हैं।

फोटोः सोशल मीडिया
i

अरबपति निवेशक राकेश झुनझुनवाला की एयरलाइन अकासा एयर उड़ान भरने को तैयार है। अकासा एयर 7 अगस्त को मुंबई-अहमदाबाद रूट पर पहली उड़ान के साथ अपना कमर्शियल अभियान शुरू करेगी। एयरलाइन ने कहा कि वह कमर्शियल संचालन के लिए मार्ग पर बोइंग 737 मैक्स विमान तैनात करेगी।

अकासा एयर ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा कि उसने 28 उड़ानों के लिए टिकटों की बिक्री शुरू कर दी है, जिसमें 7 अगस्त से मुंबई-अहमदाबाद मार्ग पर साप्ताहिक के साथ साथ ही 13 अगस्त से बेंगलुरु-कोच्चि मार्ग पर 28 उड़ानें संचालित होंगी। कंपनी ने कहा कि दो बोइंग 737 मैक्स विमानों से उड़ान संचालन किया जाएगा। बोइंग ने पहले ही एक विमान की डिलीवरी कर दी है और दूसरा इस महीने के अंत में मिल जाएगा।


अकासा एयर के सह-संस्थापक और मुख्य कमर्शियल अधिकारी प्रवीण अय्यर ने कहा, "हम नए बोइंग 737 मैक्स विमान के साथ मुंबई और अहमदाबाद के बीच उड़ानों के साथ परिचालन शुरू कर रहे हैं।" अय्यर ने कहा, "हम अपने नेटवर्क विस्तार योजनाओं के लिए चरणबद्ध दृष्टिकोण अपनाएंगे और अधिक शहरों को जोड़ेंगे, क्योंकि हम अपने पहले साल में हर महीने अपने बेड़े में दो विमान जोड़ रहे हैं।"

अकासा एयर विमानन उद्योग में प्रवेश करने वाली सबसे प्रतीक्षित कम लागत वाली एयरलाइनों में से एक है। एयरलाइन को इस महीने की शुरुआत में ही नागरिक उड्डयन नियामक महानिदेशालय (डीजीसीए) से ऑपरेटर प्रमाणपत्र मिला था। बता दें कि अकासा एयर के मुख्य प्रवर्तक राकेश झुनझुनवाला हैं जो एक अरबपति निवेशक हैं और शेयर बाजार के चाणक्य माने जाते हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 22 Jul 2022, 3:41 PM