अखिलेश ने बीजेपी पर फॉर्म-6 के जरिये फर्जी वोटर जुड़वाने का आरोप लगाया, अधिकारियों को दी चेतावनी

अखिलेश ने कहा कि हम एक-एक वोट का हिसाब मांगेंगे और जरा भी बेईमानी होने पर किसी का नाम मतदाता सूची में जुड़ने नहीं देंगे। अगर किसी तरह नाम जुड़ भी गया तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ सबूतों के साथ प्राथमिकी दर्ज कराएंगे और सजा भी दिलवाएंगे।

अखिलेश ने बीजेपी पर फॉर्म-6 के जरिये फर्जी वोटर जुड़वाने का आरोप लगाया, अधिकारियों को दी चेतावनी
i

समाजवादी पार्टी (एसपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मतदाता सूची में कथित धांधली को लेकर मंगलवार को बीजेपी और अधिकारियों पर निशाना साधते हुए दावा किया कि जनता फॉर्म-6 में गड़बड़ी करने वाले नेताओं और भ्रष्ट अधिकारियों को सबक सिखाएगी। एसपी प्रमुख ने ‘एक्स’ पर कहा, “फॉर्म-6 की किसी भी गड़बड़ी के लिए जनता बीजेपी के नेताओं और भ्रष्ट अधिकारियों को छठी का दूध याद दिला देगी। भ्रष्ट अधिकारियों का अगला पड़ाव कारागार होगा।”

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी और उसके षड्यंत्रकारी साथी उत्तर प्रदेश में अपनी हार सामने देखकर विशेष मुहिम के तहत एएसडीडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या दोहरे) श्रेणी के नाम पर फर्जी मतदाताओं के नाम जोड़ने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बूथ से लेकर निर्वाचन आयोग तक पार्टी के बूथ प्रभारी, पीडीए प्रहरी, घोषित और संभावित प्रत्याशी तथा प्रदेश, जिला एवं विधानसभा स्तर के पदाधिकारी मतदाता सूची में जुड़ने वाले हर नए नाम पर नजर रखेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था की गई है कि हर जागरूक नागरिक अपने पड़ोस में जुड़ने वाले नए मतदाताओं के नाम पर निगरानी रख सके।


पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया, “हम एक-एक वोट का हिसाब मांगेंगे और जरा भी बेईमानी होने पर किसी का नाम मतदाता सूची में जुड़ने नहीं देंगे। अगर किसी तरह नाम जुड़ भी गया तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ सबूतों के साथ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराएंगे, उसे नौकरी से बर्खास्त कराएंगे, उसकी पेंशन और कोष रुकवाएंगे तथा सजा भी दिलवाएंगे।”

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी अधिकारियों पर दबाव डालकर गैरकानूनी तरीके से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि इसके खिलाफ एक-एक सबूत जुटाया जाएगा और प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि इस कथित लोकतांत्रिक अपराध में शामिल सभी लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर उन्हें सजा दिलाई जाएगी।

एसपी प्रमुख ने कहा, “जब मुकदमा चलेगा और सजा होगी तो बीजेपी का कोई नेता इन दोषी अधिकारियों को बचाने नहीं आएगा। अधिकारी याद रखें, बीजेपी किसी की सगी नहीं है।” उन्होंने कहा कि जेल में सजा भुगतते समय भ्रष्ट अधिकारी अपने किए पर पछताएंगे और उनके परिवार के लोगों को बाहर रिश्तेदारों और मित्रों की उलाहना झेलनी पड़ेगी।

पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जो अधिकारी सात पुश्तों के लिए कमाने की सोच रहे हैं, उनकी तेजी से बढ़ती जमीन-जायदाद पर भी जनता की नजर है और जांच होने पर कानून उनकी अवैध संपत्ति जब्त कर लेगा। उन्होंने ‘जय संविधान-जय हिंदुस्तान’ का नारा देते हुए कहा, “जनता की स्पष्ट चेतावनी है: न कोई बेईमान बचेगा, न किसी बेईमान को छोड़ा जाएगा।”

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए