चाचा शिवपाल के लिए छोड़ेंगे जसवंतनगर सीट, सरकार बनी तो बनाएंगे कैबिनेट मंत्री, अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जसवंतनगर की सीट प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल यादव के लिए छोड़ देगी। राज्य में सपा सरकार बनी तो चाचा शिवपाल को कैबिनेट मंत्री भी बनाया जाएगा।

फोटो : आईएएनएस
फोटो : आईएएनएस

उत्तर प्रदेश में 2022 के चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी और शिवपाल यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी में नजदिकियां बढ़ने लगी है। शनिवार को समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव ने बड़ा एलान किया है। उन्होंने कहा कि आगामी विधान सभा चुनाव में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) को भी एडजस्ट करेंगे और यदि सरकार बनी उनके नेता (शिवपाल) को कैबिनेट मंत्री भी बना देंगे। जसवंतनगर से विधान सभा की सीट भी छोड़ देंगे।

दिवाली के दिन सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के इस ऐलान को राजनीतिक हलकों में काफी अहम माना जा रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जसवंतनगर की सीट प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल यादव के लिए छोड़ देगी। राज्य में सपा सरकार बनी तो चाचा शिवपाल को कैबिनेट मंत्री भी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रदेश के 2022 के चुनाव में बड़े दलों से गठबंधन नहीं करेगी। छोटे दलों से गठबंधन किया जा सकता है। इस पर बातचीत चल रही है।

इस सवाल पर कि क्या वह अपने चाचा शिवपाल यादव की पार्टी से भी गठबंधन कर सकते हैं, जिसका जवाब देते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा, उस पार्टी को भी एडजेस्ट करेंगे। जसवंतनगर उनकी (शिवपाल) सीट है। सपा ने वह सीट उनके लिए छोड़ दी है और आने वाले समय में उनके लोग मिलें, सरकार बनाएं, हम उनके नेता को कैबिनेट मंत्री भी बना देंग़े और क्या एडजस्टमेंट चाहिए।

अखिलेश के इस एलान को शिवपाल की ओर से पूर्व में सपा से गठजोड़ की संभावनाओं पर दिए गए बयानों के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। पिछले चुनावों में पहले कांग्रेस फिर बसपा से गठबंधन का असफल प्रयोग कर चुके अखिलेश यादव ने साफ कर दिया कि अब यूपी में सपा किसी अन्य बड़े दल से कोई गठबंधन नहीं करेगी।


गौरतलब है कि पूर्व में शिवपाल यादव भी समाजवादी पार्टी से गठबंधन की इच्छा जता चुके हैं। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अखिलेश और शिवपाल के बीच तल्खी बहुत बढ़ गई थी। शिवपाल ने बाद में सपा से अलग होकर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी का गठन किया था। सपा प्रमुख अखिलेश ने बीजेपी सरकार पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हम जानना चाहते हैं सरकार से कि आखिरकार किस किसान की आय दुगनी हुई। उन्होंने कहा कि समाजवादियों की कोशिश रहेगी कि लोगों को लगातार जोड़ें। हमें खुशी है कि कांग्रेस और बीएसपी को छोड़ अन्य दलों से जो लोग हमारे साथ जुड़े हैं उनसे पार्टी की ताकत बढ़ेगी।

अखिलेश ने बीजेपी पर बिहार विधानसभा के हालिया चुनाव में महागठबंधन को बेईमानी से हराने का आरोप लगाते हुए कहा कि सबसे ज्यादा जनसमर्थन महागठबंधन की रैलियों में था। जितने भी सर्वे हुए उन सभी में गठबंधन को ऐतिहासिक जीत की तरफ बताया गया था लेकिन जब मशीन खुली, परिणाम आया, नतीजे रोके गए और जीत के प्रमाण पत्र किसी और को दे दिए गए।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव में सपा का प्रदर्शन आशा के अनुरूप न रहने के सवाल पर अखिलेश ने कहा जब चुनाव जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी, थानाध्यक्ष और सिपाही लड़ेंगे तो और कौन जीतेगा। उपचुनाव में बीजेपी चुनाव नहीं लड़ रही थी बल्कि उसकी सरकार के अधिकारी लड़ रहे थे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */