अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का किया ऐलान, बोले- सीधे मुख्यमंत्री पद की शपथ लूंगा

अखिलेश यादव ने वाराणसी दौरे पर योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रशासन एसपी उम्मीदवार को एमएलसी चुनाव हरवाना चाहता था। लेकिन बाबा विश्वनाथ ने डबल आशीर्वाद दे दिया। उन्होंने पीएम मोदी पर भी तंज कसा।

अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का किया ऐलान, बोले- सीधे मुख्यमंत्री पद की शपथ लूंगा
i

अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का किया ऐलान

अखिलेश ने कहा कि लोकसभा से सीधे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे

अखिलेश ने कहा कि हम तब मुख्यमंत्री बनते हैं जब चुनाव नहीं लड़ते हैं

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को अपने वाराणसी दौरे पर एक बड़ा ऐलान किया। एसपी प्रमुख ने कहा कि 2027 में वह खुद विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे, सीधे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि यही हमारे लिए शुभ है, इसलिए वही काम करेंगे जो शुभ होगा।

तब मुख्यमंत्री बनते हैं जब चुनाव नहीं लड़ते हैं

एसपी प्रमुख ने काशी की किसी सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल के जवाब में यह बात कही। मंगलवार को काशी पहुंचे अखिलेश यादव ने मीडिया से कहा कि हम तब मुख्यमंत्री बनते हैं जब चुनाव नहीं लड़ते हैं। उन्होंने कहा कि पिछली बार कहां से मुख्यमंत्री बना था बताओ? लोकसभा से...तो फिर वहीं से आकर शपथ लूंगा। दरअसल अखिलेश जब 2012 में मुख्यमंत्री बने थे उस समय वह विधानमंडल के किसी सदन के सदस्य नहीं थे बल्कि कन्नौज से सांसद थे। सीएम बनने के बाद उन्होंने लोकसभा सदस्यता से इस्तीफा दिया था।


बाबा विश्वनाथ ने सपा को डबल आशीर्वाद दे दिया

अखिलेश यादव ने बनारस दौरे के दौरान योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रशासन एसपी उम्मीदवार को एमएलसी चुनाव हरवाना चाहता था। लेकिन बाबा विश्वनाथ ने डबल आशीर्वाद दे दिया। अखिलेश ने दालमंडी में उजाड़े गए व्यापारियों और दुकानदारों का उल्लेख करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में यह मुद्दा भी होगा। एसपी प्रमुख ने दावा किया कि बीजेपी 2027 के विधानसभा चुनाव में 200 विधायकों का टिकट काटने जा रही है। अखिलेश यादव ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि मां गंगा ने जिसे बुलाया था उन्होंने ही मां गंगा को भुला दिया।

बीजेपी असली अराजक है

योगी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी ने मणिकर्णिका घाट की विरासत मिटाने की कोशिश की। एमएलसी चुनाव में इसका जवाब मिला है। उन्होंने कहा कि बीजेपी असली अराजक है। उन्होंने कहा कि सोचिए बांदा में एक नवजात बच्चे को कुत्ता नोच ले गया। ये कौन सुन सकता है? बरेली में अभी देश के मंत्री आए हैं। वह बरेली से आगे चले जाएं। शाहजहांपुर क्यों नहीं जाते हैं।


बीजेपी जब जाएगी तो बनारस मुस्कुराएगा

अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी जब जाएगी तो बनारस मुस्कुराएगा। समाजवादी सरकार में मेट्रो बनाने का काम होगा। अखिलेश यादव ने बागेश्वर बाबा के नाम से चर्चित धीरेंद्र शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम को लेकर दिए गए बयानों पर भी बीजेपी को घेरा। उन्होंने कहा कि नकली सनातनियों के बयानों से लोग दुखी हैं। इन नकली सनातनियों को रोका जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि धीरेंद्र शास्त्री के सबी कार्यक्रम रद्द किए जाने चाहिए।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए