अखिलेश यादव का सरकार और EC पर हमला, कहा- SIR के बाद भी मतदाता सूची में गड़बड़ी, फर्जी मतदाताओं के नाम शामिल

अखिलेश यादव ने कहा, “एसआईआर के बाद भी मतदाता सूची में गड़बड़ी है और उसमें फर्जी मतदाताओं के नाम शामिल हैं। कई जगहों पर एक ही व्यक्ति एक से ज्यादा मतदान केंद्रों पर मतदाता के रूप में पंजीकृत है।”

फोटो: सोशल मीडिया
i
  • अखिलेश यादव का बड़ा आरोप- एसआईआर के बाद भी सूची में फर्जी नाम शामिल

  • अखिलेश यादव का तीखा हमला: बीजेपी जब हारने लगती है, तो बेईमानी और चोरी पर उतर आती है

  • निर्वाचन आयोग पर सवाल: चुनाव आयोग संवैधानिक संस्था, उसे बीजेपी के इशारे पर काम नहीं करना चाहिए

समाजवादी पार्टी के अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर सवाल उठाते हुए सोमवार को कहा कि इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद भी मतदाता सूची में गड़बड़ी है और उसमें फर्जी मतदाताओं के नाम शामिल हैं।


सपा मुख्‍यालय की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, अखिलेश यादव ने कहा, “एसआईआर के बाद भी मतदाता सूची में गड़बड़ी है और उसमें फर्जी मतदाताओं के नाम शामिल हैं। कई जगहों पर एक ही व्यक्ति एक से ज्यादा मतदान केंद्रों पर मतदाता के रूप में पंजीकृत है।”

बयान में अखिलाश ने दावा किया कि “निर्वाचन आयोग ने भी इन गड़बिड़यों को स्वीकार किया है, हालांकि वह इन्हें छोटी-मोटी गलती बता रहा है।” उन्होंने कहा, “यह छोटी-मोटी नहीं, बल्कि बहुत मोटी गड़बड़ी है।”

अखिलेश यादव ने सोमवार को लखनऊ के गोमती नगर में पूर्व मंत्री विद्या चौधरी के आवास पर पहुंचकर उनका हालचाल जाना। उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “पूरा देश जानता है कि जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हारने लगती है, तो वह बेईमानी और चोरी पर उतर आती है।”

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया, “बीजेपी निर्वाचन आयोग की मिलीभगत से बेईमानी करती है। निर्वाचन आयोग भाजपा के इशारे पर काम करता है।” उन्होंने कहा, “अगर विपक्षी दल और आम जनता निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हैं, तो बीजेपी को क्यों दर्द होता है? भाजपा बचाव के लिए क्यों सामने आती है?”


अखिलेश यादव ने “मतदाता सूची में गड़बड़ी और चुनावों में वोटों की लूट” को लेकर अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने दावा किया कि सपा ने मतदाता सूची में गड़बड़ी और उपचुनाव में “वोटों की चोरी” को लेकर निर्वाचन आयोग से सबूतों के साथ शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अखिलेश यादव ने कहा कि निर्वाचन आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उसे भाजपा के इशारे पर काम नहीं करना चाहिए।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए