अखिलेश यादव का बीजेपी सरकार पर हमला, कहा- आपसी टकराहट ने ‘डबल इंजन’ को ‘ट्रबल इंजन’ बना दिया

अखिलेश यादव ने राज्यपाल के भाषण के वीडियो का अंश साझा करने के साथ ही अपने पोस्ट में लिखा गोरखपुर मॉडल’ की पोल खोलते-खोलते तुलना के रूप में ‘गुजरात मॉडल’ की घपलेबाज़ी की बात भी सामने आ गई।

फोटोः सोशल मीडिया
i

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश और गुजरात की भारतीय जनता पार्टी बीजेपी नीत सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि आपसी टकराहट ने ‘डबल इंजन’ को ‘ट्रबल इंजन’ बना दिया है।

समाजवादी पार्टी प्रमुख ने “एक्स” पर गोरखपुर में विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बृहस्पतिवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के उद्बोधन का एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री का गृह जिला होने के बावजूद विश्वविद्यालय की समस्याओं का जिक्र करते हुए उसे तीन माह में ठीक करने के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की।


अखिलेश यादव ने राज्यपाल के भाषण के वीडियो का अंश साझा करने के साथ ही अपने पोस्ट में लिखा गोरखपुर मॉडल’ की पोल खोलते-खोलते तुलना के रूप में ‘गुजरात मॉडल’ की घपलेबाज़ी की बात भी सामने आ गई। पोस्ट में उन्होंने कहा “दोनों में जो बातें समान हैं वो ये हैं कि दोनों जगह भाजपाई सरकार है और भाजपाई महा-भ्रष्टाचार भी।”

अखिलेश यादव ने इसी पोस्ट में आरोप लगाया “आपसी टकराहट ने तो ‘डबल इंजन’ को ‘ट्रबल इंजन’ बना दिया है।”