अखिलेश यादव का BJP सरकार पर हमला, 'सरकार में किसान उपेक्षा का शिकार, बारिश-ओलावृष्टि से फसलों को हुआ नुकसान'
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि फसलें गिरकर नष्ट हो गईं, लेकिन अब तक किसानों को कोई मुआवजा या राहत नहीं मिली है। मुख्यमंत्री और सरकार के अन्य मंत्री केवल खोखली घोषणाएं और हवाई सर्वेक्षण कर रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर किसानों को कोई सहायता नहीं पहुंची है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार में किसान उपेक्षा का शिकार है और असमय बारिश, आंधी तथा ओलावृष्टि से प्रदेशभर में फसलों को भारी नुकसान हुआ है।
समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश के कई जिलों में गेहूं, सरसों और अन्य फसलों को काफी नुकसान हुआ है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने मैनपुरी, कन्नौज, बाराबंकी, सीतापुर, हाथरस, अयोध्या, मेरठ, पीलीभीत, मथुरा, हरदोई, सोनभद्र और श्रावस्ती सहित अनेक जिलों का उल्लेख करते हुए कहा कि बारिश के कारण किसानों का गेहूं भीगकर खराब हो गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि फसलें गिरकर नष्ट हो गईं, लेकिन अब तक किसानों को कोई मुआवजा या राहत नहीं मिली है। यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री और सरकार के अन्य मंत्री केवल खोखली घोषणाएं और हवाई सर्वेक्षण कर रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर किसानों को कोई सहायता नहीं पहुंची है।
समाजवादी पार्टी प्रमुख के अनुसार, फसल नुकसान के कारण किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। एक ओर खेती की बढ़ती लागत और दूसरी ओर प्राकृतिक आपदाओं ने उनकी स्थिति और गंभीर बना दी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की फसलों की खरीद नहीं हो रही है और उन्हें उचित मूल्य भी नहीं मिल रहा है।
अखिलेश यादव ने आलू के किसानों की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें भी अपनी उपज का सही मूल्य नहीं मिल पाया, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने मंडियों की व्यवस्था को कमजोर कर दिया, जबकि पूर्ववर्ती सपा सरकार के दौरान नयी मंडियों के निर्माण पर काम किया जा रहा था।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजेपी सरकार उद्योगपतियों के हित में कार्य कर रही है और किसानों की अनदेखी कर रही है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश का किसान आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता से बाहर कर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगा।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia