अखिलेश यादव का मोदी सरकार पर हमला, कहा- बीजेपी ने राम मंदिर से लेकर जनता के भरोसे तक को नुकसान पहुंचाया
अखिलेश ने अयोध्या के कथित चढ़ावा चोरी मामले को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के नाम पर मिलने वाले चढ़ावे में कथित गड़बड़ी बेहद गंभीर मामला है। सरकार से जवाब मांगने के बजाय अब दानदाताओं से रसीद मांगी जा रही है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को राम मंदिर के कथित चढ़ावा चोरी प्रकरण, कानून-व्यवस्था, किसानों को खाद की उपलब्धता, स्वास्थ्य सेवाओं और सड़क निर्माण समेत कई मुद्दों पर योगी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और जनविश्वास का संकट गहराया है तथा आस्था से जुड़े मामलों में भी सरकार जवाबदेही से बच रही है।
'प्रबुद्धजन सम्मेलन' को संबोधित करते हुए अखिलेश ने अयोध्या के कथित चढ़ावा चोरी मामले को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के नाम पर मिलने वाले चढ़ावे में कथित गड़बड़ी बेहद गंभीर मामला है। सरकार से जवाब मांगने के बजाय अब दानदाताओं से रसीद मांगी जा रही है, जबकि हिंदू परंपरा में दान की रसीद लेने की कोई व्यवस्था नहीं रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की जिम्मेदारी तय करने के बजाय छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा रही है। समाजवादी पार्टी प्रमुख ने कहा कि यदि किसी ने सबसे बड़ा "महापाप" किया है तो वह बीजेपी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आस्था के नाम पर राजनीति करने वाली पार्टी राम मंदिर के चढ़ावे की सुरक्षा तक सुनिश्चित नहीं कर सकी। किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में खाद वितरण व्यवस्था चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले खाद की बोरियों का वजन कम किया गया और अब किसानों को पूरी बोरी के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि किसान घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं, जबकि सरकार पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रही है। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। अखिलेश ने आरोप लगाया कि पुलिस का उद्देश्य लोगों की सुरक्षा होना चाहिए, लेकिन प्रदेश में पुलिस कार्रवाई को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के दौरान आधुनिक पुलिस रिस्पांस सिस्टम विकसित किया गया था, लेकिन मौजूदा सरकार ने उसमें कोई सुधार नहीं किया।
स्वास्थ्य सेवाओं पर निशाना साधते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश का स्वास्थ्य विभाग स्वयं इलाज का मोहताज हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है और आम लोगों को बेहतर इलाज नहीं मिल पा रहा। अखिलेश ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि कानपुर और गोरखपुर की सड़कों तथा गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण में भारी खर्च के बावजूद गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं हुआ और कई परियोजनाओं में शुरुआती दौर में ही खामियां सामने आ गईं।
उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार युवाओं, किसानों और सामाजिक वर्गों के बीच भरोसा खो चुकी है। सोशल मीडिया पर सक्रिय नई पीढ़ी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि युवा सरकार की नीतियों पर सवाल उठा रहे हैं और आने वाले चुनाव में इसका असर दिखाई देगा। ब्राह्मण समाज को लेकर आयोजित सम्मेलन में अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी वर्गों को सम्मान देने की राजनीति करती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में विभिन्न सामाजिक वर्गों के साथ अन्याय हुआ है और सत्ता में आने पर ऐसे मामलों की जांच कराई जाएगी। इस दौरान पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा ने भी कथित फर्जी मुठभेड़ों के मामलों की जांच कराने की बात कही। इससे पहले अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क पहुंचकर समाजवादी विचारक जनेश्वर मिश्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। भीड़ अधिक होने के कारण कुछ देर धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी, जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें प्रतिमा स्थल तक पहुंचाया।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
