अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का निधन, लखनऊ में ली अंतिम सांस

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के भाई और अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का लखनऊ में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के परिवार से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। उनके सौतेले भाई और मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का लखनऊ में निधन हो गया है। 38 वर्षीय प्रतीक यादव पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे और बुधवार सुबह उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर के बाद यादव परिवार और समाजवादी पार्टी समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

लंबे समय से खराब चल रही थी तबीयत

जानकारी के मुताबिक, प्रतीक यादव पिछले कुछ दिनों से लगातार बीमार चल रहे थे और उनका इलाज जारी था। कुछ समय पहले उन्हें मेदांता अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था। उस दौरान बीजेपी नेता अपर्णा यादव और अखिलेश यादव उनसे मिलने पहुंचे थे। हालत स्थिर होने के बाद उन्हें घर वापस ले जाया गया था, लेकिन उनकी तबीयत पूरी तरह ठीक नहीं हो सकी।

फिलहाल उनकी मौत किस बीमारी की वजह से हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, उनके करीबियों के बीच जिम, फिटनेस और कई तरह की दवाइयों के इस्तेमाल को लेकर चर्चाएं होती रही हैं। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से वे पूरी तरह स्वस्थ नजर नहीं आ रहे थे, लेकिन परिवार और करीबी लोगों को अंदाजा नहीं था कि उनकी हालत इतनी गंभीर हो सकती है।


अपर्णा यादव के पति थे प्रतीक यादव

प्रतीक यादव बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति थे। पिछले कुछ समय में पति-पत्नी के बीच विवाद और पारिवारिक कलह की खबरें भी सामने आई थीं। हालांकि, मौजूदा समय में वे परिवार के साथ ही रह रहे थे। उनके निधन के बाद अस्पताल में परिवार के सदस्य और करीबी लोग पहुंच रहे हैं। फिलहाल उनका शव अस्पताल में रखा गया है।

राजनीति से दूरी, फिटनेस और कारोबार पर फोकस

राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद प्रतीक यादव सक्रिय राजनीति से हमेशा दूर रहे। उन्होंने कभी कोई चुनाव नहीं लड़ा और न ही पार्टी में कोई बड़ा पद संभाला। साल 2017 में दिए गए एक इंटरव्यू में उन्होंने साफ कहा था कि वे राजनीति से दूर रहकर अपने कारोबार पर ध्यान देना चाहते हैं।

प्रतीक यादव रियल एस्टेट और फिटनेस एंटरप्रेन्योरशिप के क्षेत्र में काम करते थे। उन्होंने यूनाइटेड किंगडम के लंदन स्थित लीड्स विश्वविद्यालय से MBA किया था। लखनऊ में उनका जिम का बिजनेस भी था। फिटनेस को लेकर उनका गहरा लगाव माना जाता था। वे खुद भी फिटनेस फ्रीक के तौर पर पहचाने जाते थे और जिम वर्कआउट को अपनी दिनचर्या का अहम हिस्सा मानते थे।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia