अमरनाथ यात्रा स्थगित: बारिश-लैंडस्लाइड के कारण अमरनाथ यात्रा जम्मू में रोकी, एक हजार से ज्याद तीर्थयात्री लौटे
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग और यात्रा मार्गों पर भूस्खलन, पत्थर गिरने और अन्य अवरोधों की आशंका को देखते हुए अमरनाथ यात्रा जम्मू में रोकी गई है।

जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के चलते शनिवार को जम्मू से श्री अमरनाथ यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने भगवती नगर बेस कैंप से नया जत्था रवाना नहीं किया। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग और यात्रा मार्गों पर भूस्खलन, पत्थर गिरने और अन्य अवरोधों की आशंका को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, रामबन जिले के साथ कश्मीर के कुछ हिस्सों में भी मौसम खराब है। बारिश के कारण सड़क और यात्रा मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि मौसम और मार्ग सुरक्षित होने के बाद ही जम्मू से श्रद्धालुओं की आगे की आवाजाही शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा।
दर्शन के बाद 1,202 श्रद्धालु जम्मू रवाना
इस बीच, पवित्र गुफा में दर्शन कर चुके 1,202 श्रद्धालुओं को बालटाल बेस कैंप से जम्मू लौटने की अनुमति दे दी गई। श्रद्धालुओं का यह जत्था 44 वाहनों के काफिले में जम्मू के लिए रवाना हुआ।
प्रशासन फिलहाल मौसम के साथ-साथ जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग और दोनों यात्रा मार्गों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों के अनुसार, मार्ग सामान्य होने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित होने के बाद ही यात्रा को दोबारा शुरू करने का फैसला लिया जाएगा।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
