लद्दाख में LAC पर भारत के 20 जवानों की शहादत पर अमेरिका और अमेरिकी मीडिया ने क्या कहा, जानें

अमेरिकी मीडिया ने मौजूदा विवाद के लिए चीन को जिम्मेदार ठहराया है। अमेरिकी मीडिया ने कहा कि चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने भारतीय सेना के जवानों के साथ आमने-सामने की लड़ाई में उलझकर भारतीय सेना को उकसाया, जिसका यह परिणाम हुआ है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

लद्दाख में एलएसी पर भारत और चीनी सैनिकों के बीच हिंसक झड़प में भारत के 20 जवानों की शहदत के बाद पूरा देश शोक में डूब गया है। भारत के जवानों की शहादत पर अमेरिका का बयान आया है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय की तरफ से कहा गया है कि हम भारत और चीन के सीमा विवाद पर नजर रखे हुए हैं। भारत और चीन ने सीमा विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाने की बात कही है। हम शांतिपूर्ण समझौते की बात का स्वागत करते हैं। अमेरिकी विदेश मंत्रालय की ओर से यह भी कहा गया कि 2 जून को अपनी टेलीफोनिक बातचीत के दौरान, राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम मोदी ने भारत-चीन सीमा पर स्थिति पर चर्चा की थी।

वहीं, अमेरिकी मीडिया ने मौजूदा विवाद के लिए चीन को जिम्मेदार ठहराया है। अमेरिकी मीडिया ने कहा कि चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने भारतीय सेना के जवानों के साथ आमने-सामने की लड़ाई में उलझकर भारतीय सेना को उकसाया, जिसका यह परिणाम हुआ है।


गौरतलब है कि भारत और चीनी सैनिकों के बीच लद्दाख में गलवान घाटी के पास हुई झड़प में भारत के 20 जवान शहीद हो गए। इनमें एक कमांडिंग अफसर भी शामिल हैं। भारतीय सेना की ओर से गलवन घाटी में चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के साथ हुई झड़प में इन जवानों के शहीद होने की पुष्टि की गई थी। उधर, सूत्रों के मुताबिक, चीनी पक्ष के 43 सैनिकों मारे गए हैं। हालांकि, इस बात की किसी भी पक्ष ने पुष्टि नहीं की है।

बताया जा रहा है कि सोमवार रात को दोनों देशों के सानिकों के बीच झड़प हुई थी। दोनों देशों के सैनिकों के बीच यह हिंसक झड़प गलवान घाटी के पास हुई, जब दोनों देशों के बीच बातचीत के बाद सबकुछ सामान्य होने की स्थिति आगे बढ़ रही थी। इस हिंसक झड़प के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बना हुआ है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 17 Jun 2020, 9:17 AM