ईरान से बढ़ते तनाव के बीच मिडिल ईस्ट में अमेरिका की सैन्य ताकत बढ़ी, तीसरा एयरक्राफ्ट कैरियर पहुंचा
इससे पहले मिडिल ईस्ट में अमेरिका के दो एयरक्राफ्ट कैरियर तैनात थे। अब तीसरे कैरियर के पहुंचने से अमेरिकी नौसेना की ताकत में और इजाफा हुआ है।

ईरान के साथ लगातार बढ़ रहे तनाव के बीच अमेरिका ने मिडिल ईस्ट में अपनी सैन्य मौजूदगी को और मजबूत कर दिया है। अमेरिकी नौसेना का तीसरा एयरक्राफ्ट कैरियर USS थियोडोर रूजवेल्ट रविवार को इस क्षेत्र में पहुंच गया। इसके साथ ही मिडिल ईस्ट में अमेरिका के तीन एयरक्राफ्ट कैरियर स्ट्राइक ग्रुप तैनात हो गए हैं।
इसकी जानकारी ‘एक्सियोस’ के पत्रकार बराक राविद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से दी। अधिकारी के मुताबिक, USS थियोडोर रूजवेल्ट अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अधिकार क्षेत्र में पहुंच चुका है।
इससे पहले मिडिल ईस्ट में अमेरिका के दो एयरक्राफ्ट कैरियर तैनात थे। अब तीसरे कैरियर के पहुंचने से अमेरिकी नौसेना की ताकत में और इजाफा हुआ है। एयरक्राफ्ट कैरियर को समुद्र में तैरते सैन्य अड्डे के रूप में देखा जाता है। यहां से लड़ाकू विमान उड़ान भर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर सैन्य अभियान संचालित किए जा सकते हैं। इसके साथ कई युद्धपोत भी तैनात रहते हैं, जिनके समूह को कैरियर स्ट्राइक ग्रुप कहा जाता है।
अमेरिका का यह कदम ऐसे समय सामने आया है, जब ईरान के साथ उसका टकराव लगातार बढ़ रहा है। ईरान ने हाल ही में दावा किया था कि उसने बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। इससे पहले शुक्रवार को भी ईरान ने अमेरिकी शुरुआती चेतावनी प्रणाली के रडार पर हमला करने का दावा किया था। यह सिस्टम दुश्मन की ओर से होने वाले मिसाइल और हवाई हमलों का पहले ही पता लगाने में अहम भूमिका निभाता है।
हालांकि, अमेरिकी सेना ने ईरान के इस दावे को खारिज कर दिया। अमेरिका के मुताबिक, बहरीन की ओर बढ़ रहे ईरान के दो ड्रोन को रास्ते में ही रोक दिया गया था। अमेरिकी पक्ष ने रडार सिस्टम को नुकसान पहुंचने की बात से भी इनकार किया है।
फिलहाल, तीसरे एयरक्राफ्ट कैरियर की तैनाती की खबर के बावजूद पेंटागन और CENTCOM की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक समयसीमा जारी नहीं की गई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
