अमूल और मदर डेयरी के दूध 4 रुपये तक महंगा, क्या बोली जनता और बार-बार क्यों बढ़ते हैं दाम?

दोनों कंपनियों का कहना है कि दूध ख़रीदने और उसे ग्राहकों तक पहुंचाने का खर्च बढ़ गया है, इसलिए उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। अब सवाल यह है कि अचानक खर्च इतना क्यों और कैसे बढ़ गया?

अमूल और मदर डेयरी के दूध 4 रुपये तक महंगा, क्या बोली जनता और बार-बार क्यों बढ़ते हैं दाम?
i

आम जनता को महंगाई की एक और चोट लगी है। अमूल और मदर डेयरी ने गुरुवार (12 नवम्बर 2026) से दूध के दाम बढ़ा दिए हैं। अब लोगों को टोंड दूध के लिए दो रुपये और फुल क्रीम दूध के लिए चार रुपये प्रति लीटर ज्यादा खर्च करना पड़ेगा। मदर डेयरी और अमूल का पैकेट वाला टोंड दूध अब 60 की जगह 62 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। फुल क्रीम दूध की क़ीमत 72 रुपये से बढ़कर 76 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

दोनों कंपनियों का कहना है कि दूध ख़रीदने और उसे ग्राहकों तक पहुंचाने का खर्च बढ़ गया है, इसलिए उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। अब सवाल यह है कि अचानक खर्च इतना क्यों और कैसे बढ़ गया?

कहां से होती है दूध की कीमत बढ़ने की शुरुआत?

भले ही आप दूध का पैकेट किसी दुकान या डेयरी से खरीदते हैं, लेकिन उसकी क़ीमत बढ़ने की शुरुआत पशुपालक के यहां से होती है। मदर डेयरी ने अपने बयान में कहा है कि देश के कई हिस्सों में कहीं कम और कहीं ज़्यादा बारिश होने का असर चारे की उपलब्धता पर पड़ा है। कंपनी का कहना है कि पिछले एक साल में हरे और सूखे चारे की 20 फीसदी तक महंगे हो गए हैं। पशु आहार के दाम में भी करीब 10 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इतना ही नहीं, दूध की पैकिंग, ढुलाई और दूसरे कामकाज का खर्च भी करीब 25 फीसदी तक महंगा हो गया है। कम और अनियमित बारिश को महंगाई बढ़ाने में अहम रोल माना जा रहा है।

बीबीसी के मुताबिक, अमूल ने भी महंगाई के लिए हरे और सूखे चारे के साथ पशु आहार में इस्तेमाल होने वाली खल, मक्का और शीरे की बढ़ी हुई कीमतों को भी जिम्मेदार माना है। साथ ही ईंधन और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली चीजें भी महंगी हुई है। कंपनी के मुताबिक, उसके सदस्य दूध संघों ने पिछले एक साल में किसानों से दूध खरीदने की कीमत चार से पांच फीसदी बढ़ाई है।


फुल क्रीम दूध पर चार रुपये क्यों बढ़े?

बता दें कि दूध की कीमत उसमें मौजूद फैट के हिसाब से तय होता है। डेयर कंपनियां किसानों को दूध की कीमत भी फैट के हिसाब से ही चुकाते हैं। अमूल के मुताबिक, उसके टोंड दूध में तीन फीसदी और फुल क्रीम दूध में छह फीसदी फैट होता है। यानी फुल क्रीम दूध में फैट की मात्रा टोंड दूध के मुकाबले दोगुनी है। ऐसे में डेयरियों के लिए दूध का फैट महंगा पड़ रहा है।

कृषि और अर्थव्यवस्था मामलों के पत्रकार हरीश दामोदरन की आठ नवंबर को द इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर 2023 से अक्टूबर 2026 के बीच डेयरी स्तर पर मक्खन की औसत कीमत 348 रुपये से बढ़कर 537 रुपये प्रति किलो हो गई। इस तरह मक्खन करीब 54 फीसदी तक महंगा हो गया है। इसकी वजह भी फैट ही है। मक्खन में करीब 82 फीसदी तक फैट होता है, इसलिए इसमें बढ़ोतरी भी ज्यादा हुई है। ये डेयरी स्तर की कीमतें हैं, दुकानों पर बिकने वाले मक्खन के पैकेटों के दाम नहीं।

पिछले कुछ वर्षों में दूध कितना महंगा हुआ?

मार्च 2022 से आज की कीमतों की तुलना करें तो, उस वक्त दिल्ली-एनसीआर में मदर डेयरी का फुल क्रीम दूध 57 रुपये और टोंड दूध 47 रुपये प्रति लीटर था। अब फुल क्रीम दूध की कीमत 76 रुपये और टोंड दूध की कीमत 62 रुपये प्रति लीटर है। इस तरह, मदर डेयरी का फुल क्रीम दूध करीब 33 फीसदी और टोंड दूध करीब 32 फीसदी महंगा हुआ है।


बढ़ी क़ीमत में से किसान को कितना मिलेगा?

अमूल के मुताबिक, ग्राहकों से मिलने वाले राजस्व का करीब 80 फीसदी हिस्सा उसके सहकारी ढांचे के जरिए दूध उत्पादकों तक लौटता है। वहीं मदर डेयरी का कहना है कि दूध की बिक्री से मिलने वाली रकम का लगभग 75 से 80 फीसदी हिस्सा दूध खरीदने पर खर्च होता है।

जनता बोली- 'महंगाई का एक और बोझ, तोड़ी जा रही आम लोगों की कमर'

कीमतों में बढ़ोतरी पर जनता में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, ऐसे में यह लोगों पर एक और बोझ डाल रहा है। एक महिला ने कहा कि दूध हर व्यक्ति की जरूरत है। यह बच्चों और पूरे परिवार के लिए चाहिए होता है। जो कीमतें बढ़ेंगी, वो देनी ही पड़ेगी। धीरे-धीरे करके दूध की कीमतें काफी बढ़ चुकी हैं, जिसका असर आम लोगों पर होता है। इससे किसी भी दल और सरकार को फर्क नहीं पड़ता है। इसका असर सीधे जनता पर होता है।

एक और स्थानीय निवासी ने कहा, "अमूल ने पहले ही अपने दाम बढ़ा दिए थे और अब मदर डेयरी ने भी कीमतें बढ़ा दी हैं। इस बार तो बढ़ोतरी काफी ज्यादा लग रही है। पहले कीमतें एक बार में 1 रुपये बढ़ती थीं, लेकिन अब सीधे 4 रुपए बढ़ा दी गई हैं।"

उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, ऐसे में यह लोगों पर एक और बोझ डाल रहा है। सरकार को इसे नियंत्रित करने के लिए कदम उठाने चाहिए। इस पर कोई नीति जरूर होनी चाहिए, क्योंकि छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी को दूध की जरूरत होती है। यह सबकी जरूरत है, इसलिए सरकार को इसकी कीमतों को नियंत्रित करने के लिए कोई नीति बनानी चाहिए।

एक बुजुर्ग व्यक्ति ने कहा, "मैं अपने नजदीक में मदर डेयरी से टोकन और पैकेट का दूध लेता हूं। मदर डेयरी ने पैकेट और खुले दूध, दोनों के दामों में बढ़ोतरी की है। आम जनता की कमर तोड़ी जा रही है। यह बिल्कुल भी ठीक नहीं है।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ