NVidia के CEO का एक और अफेयर आया सामने, एक अन्य कर्मचारी के साथ होटल में पकड़े गए थे जेनसन हुआंग!

वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक Nvidia का डायरेक्टर बोर्ड कंपनी के सीईओ जेनसन हुआंग को पद से हटाने तैयारी कर रहा है। खबर है कि जेनसन का एक और अफेयर का मामला सामने आया है।

एनवीडिया सीईओ जेनसन हुआंग और कंपनी की अन्य कर्मचारी किम्बर्ली पॉवेल (फोटो लिंक्डइन से)
i

एआई चिप बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी एनवीडिया सीईओ की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। ताजा रिपोर्ट्स में उनका एक और अफेयर सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि जेनसन हुआंग का अपने ही दफ्तर में काम करने वाली एक और महिला कर्मचारी के साथ अफेयर था। इससे पहले चीनी मूल की एलिस हुआंग के साथ उनके संबंधों की दुनिया भर में चर्चा है। एलिस हुआंग को अमेरिका की खुफिया एजेंसियों ने चीन का जासूस माना है।

मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि जेनसन का नया अफेयर एनवीडिया में ही हेल्थकेयर की वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल के साथ था। किम्बर्ली पॉवेल उन 60 कर्मचारियों में से एक हैं जो सीधे जेनसन हुआंग को रिपोर्ट करते हैं।

कौन हैं किम्बर्ली पॉवेल?

एनवीडिया की वेबसाइट के मुताबिक, 48 साल की किम्बर्ली पॉवेल 2008 से एनवीडिया में काम कर रही हैं। उन पर जिम्मे दुनिया भर में कंपनी के हेल्थकेयर बिजनेस संभालने की जिम्मेदारी है। एनवीडिया हेल्थकेयर के तहत मेडिकल इमेजिंग, मेडिसिन रिसर्च और स्वास्थ्य सेवाओं में इस्तेमाल होने वाली एआई तकनीक और सॉफ्टवेयर पर काम किया जाता है।

हेल्थकेयर से पहले पॉवेल एनवीडिया में हायर एजुकेशन और रिसर्च से जुड़े कारोबार की जिम्मेदारी संभालती थीं। इसके अलावा, वह कंपनी के प्रचार से जुड़े कार्यक्रमों, एनवीडिया-एआई लैब्स और एनवीडिया इनसेप्शन प्रोग्राम की लीड भी रह चुकी हैं।

पॉवेल के लिंक्डइन प्रोफाइल से पता चलता है कि पॉवेल ने एनवीडिया में लगातार तरक्की की है। उन्होंने कंपनी में मेडिकल इमेजिंग उपकरणों के लिए एनवीडिया जीपीयू (GPU) को एक एक्सेलेरेटर प्लेटफॉर्म के रूप में स्थापित करने की जिम्मेदारी के साथ शुरुआत की थी। 2016 में उन्हें 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बिजनेस डेवलपमेंट' के सीनियर डायरेक्टर के पद पर प्रमोट किया गया। 2017 के आखिर तक, उन्हें हेल्थकेयर का वाइस प्रेसिडेंट नियुक्त कर दिया गया।

पॉवेल का लिंक्डइन प्रोफाइल बताता है कि एनवीडिया से जुड़ने से पहले, पॉवेल ने जनवरी 1999 से अप्रैल 2003 तक 'डोम इमेजिंग सिस्टम्स' (DOME Imaging Systems) में हार्डवेयर इंजीनियर के तौर पर काम किया था। इसके अलावा, उन्होंने 'प्लानर सिस्टम्स, इंक.' (Planar Systems, Inc.) के मेडिकल बिजनेस यूनिट में भी काम किया, जहां वह पांच साल से कुछ अधिक समय तक रहीं।

'द न्यूयॉर्क टाइम्स' की रिपोर्ट के अनुसार, पॉवेल दुनिया भर में होने वाले टेक्नोलॉजी कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेती थीं और कंपनी की ओर से भाषण देती थीं। मार्च में, वह सैन होजे में हुए एनवीडिया के सालाना डेवलपर सम्मेलन, जीटीसी में शामिल हुईं थीं। वहां उन्होंने हेल्थकेयर और बायोलॉजी के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए एआई के इस्तेमाल पर बात की थी। अपने प्रेजेंटेशन के दौरान उन्होंने कंपनी के सीईओ जेनसन हुआंग के कार्टून चित्रों का भी इस्तेमाल किया था।


इस कॉन्फ्रेंस के दौरान एनवीडिया के अधिकारी नजदीक के ही एक होटल में रुके थे। बताया जाता है कि इसी होटल में कंपनी सीईओ जेनसन हुआंग और पॉवेल को नजदीकी हालत में देखा गया था। मीडिया रिपोर्ट्स बताती है कि होटल में मौजूद एक व्यक्ति ने इन दोनों की अंतरंग अवस्था को कैमरे में कैद कर लिया था। न्यूयॉर्क टाइम्स कहता है कि हुआंग की सिक्यूरिटी टीम ने तस्वीर लेने वाले व्यक्ति को पकड़ लिया था और उससे एक नॉन-डिस्क्लोजर एग्रीमेंट पर दस्तखत कराने के बाद ही उसे जाने दिया गया था।

अब दूसरे अफेयर का खुलासा

जेनसन हुआंग के अफेयर का दूसरा मामला तब सामने आया है, जब हुआंग ने सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर कंपनी 'मेगास्पीड' की सीनियर एग्जीक्यूटिव, एलिस हुआंग के साथ अपने रिश्ते की बात स्वीकार कर ली है।

'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' की रिपोर्ट के अनुसार, 2024 और 2025 में ताइपे में इन दोनों की एक साथ तस्वीरें ली गई थीं। खबरों के मुताबिक, इस साल अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने एक मेमो जारी किया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि एलिस हुआंग चीन के लिए जासूस के तौर पर काम करती थीं। इसके बाद एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग ने रविवार को कंपनी के कर्मचारियों को भेजे एक नोट में एलिस हुआंग के साथ अपने रिश्ते की बात कबूल की।

अब इस दूसरे अफेयर के सामने आने के बाद, एनवीडिया का बोर्ड हुआंग को पद से हटाने की तैयारी कर रहा है। 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' ने मामले से जुड़े लोगों के हवाले से बताया है कि कंपनी का बोर्ड जल्द ही बैठक कर सकता है, जिसमें हुआंग के भविष्य पर फैसला लिया जाएगा।

बाजार में गोता खा गए एनवीडिया के शेयर

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) इंडस्ट्री में आए उछाल के दौरान एनवीडिया के शेयरों की कीमत नई ऊंचाइयों पर पहुंच गई थी। इसी दौरान हुआंग को व्हाइट हाउस के कार्यक्रमों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ भी कई बार देखा गया है। पिछले महीने ही, उन्होंने ट्रम्प के हाथों 'नेशनल मेडल ऑफ साइंस' भी मिला था। हुआंग दुनिया के उन सबसे प्रभावशाली टेक लीडर्स में शामिल थे जिन्होंने एआई से जुड़े संभावित खतरों को देखते हुए खुद ही नियम तय करने का वादा किया था। इनमें एलन मस्क, जेफ बेजोस और मार्क जुकरबर्ग भी शामिल हैं।

इस बीच एनवीडिया के शेयरधारकों ने हुआंग और एआई चिप बनाने वाली इस कंपनी के खिलाफ एक मुकदमा दायर किया है। उनका आरोप है कि कंपनी ने निवेशकों से इस रिश्ते के बारे में जानकारी छिपाई। हुआंग द्वारा इस रिश्ते को स्वीकार करने के बाद से, हाल के दिनों में एनवीडिया के शेयरों में भारी गिरावट आई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए