वायनाड में भूस्खलन स्थल से एक और शव बरामद, मृतकों की संख्या बढ़कर 5 हुई, राहत और बचाव कार्य जारी
यह हादसा वायनाड और कोझिकोड जिलों को जोड़ने वाली अनाक्कोम्पोयिल-मेप्पाडी सुरंग परियोजना स्थल पर हुआ था। सात जुलाई को हुए इस भूस्खलन में वहां काम कर रहे कई मजदूर और कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए थे।

केरल के वायनाड जिले में हुए भूस्खलन हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है। बचाव दल को मलबे से एक और शव बरामद हुआ, जिसके बाद मृतकों का आंकड़ा बढ़ गया। हादसे के बाद से मौके पर लगातार राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है, जबकि अब भी कई लोगों के लापता होने की आशंका बनी हुई है।
यह हादसा वायनाड और कोझिकोड जिलों को जोड़ने वाली अनाक्कोम्पोयिल-मेप्पाडी सुरंग परियोजना स्थल पर हुआ था। सात जुलाई को हुए इस भूस्खलन में वहां काम कर रहे कई मजदूर और कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए थे। भारी बारिश और मलबा जमा होने के कारण राहत कार्य में भी काफी मुश्किलें आ रही हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, बचाव अभियान के तहत प्रभावित क्षेत्र के अलग-अलग जोन में तलाशी जारी है। मलबे वाले हिस्सों के साथ-साथ पास की नदी और आसपास के इलाकों में भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि लापता लोगों का पता लगाया जा सके।
इस हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें कुछ का इलाज अस्पताल में चल रहा है। वहीं, कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन का कहना है कि राहत और बचाव कार्य पूरी तेजी से जारी रहेगा और लापता लोगों की तलाश में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
