ओडिशा के बालासोर में एक और बड़ा ट्रेन हादसा होते-होते बचा, स्टेशन मास्टर और पॉइंटमैन सस्पेंड

यह घटना ओडिशा के बहनागा बाजार स्टेशन से लगभग 15 किमी दूर बताई गई है, जहां 2 जून की शाम को ट्रिपल ट्रेन दुर्घटना हुई थी। इस दुर्घटना में कम से कम 293 लोग मारे गए थे, जबकि हजारों लोग घायल हुए थे।

ओडिशा के बालासोर में टला एक और बड़ा ट्रेन हादसा
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

ओडिशा के बालासोर जिले में पिछले महीने हुए ट्रिपल ट्रेन हादसे में सैकड़ों लोगों की मौत के बाद भी लगता है रेलवे ने सबक नहीं लिया है, क्योंकि मंगलवार को एक बार फिर लगभग उसी जगह पर एक और यात्री ट्रेन भीषण हादसे का शिकार होते-होते बची। मामले में चूक के लिए एक स्टेशन मास्टर और पॉइंटमैन को सस्पेंड किया गया है।

अधिकारियों ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार को भद्रक से बालासोर जा रही एक मेमू ट्रेन गलती से नीलगिरी रेलवे स्टेशन के पास लूप लाइन ट्रैक में घुस गई, जहां रखरखाव का काम चल रहा था। सौभाग्य से लोको पायलट ने गलती का पता चलते ही तत्काल ब्रेक लगा दिया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।


मेमू ट्रेन के लोको पायलट ने कहा कि ट्रेन 7 से 8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी और ट्रैक ठीक से सेट नहीं था। ट्रेन के पटरी से उतरने की कोई संभावना नहीं थी लेकिन पटरियां क्षतिग्रस्त हो सकती थीं और प्वाइंट टूट सकता था। करीब एक घंटे तक साइट पर रुकने के बाद ट्रेन ने बालासोर की ओर अपनी यात्रा फिर से शुरू की।

रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मामले में चूक के लिए नीलगिरी रेलवे स्टेशन के पॉइंटमैन और स्टेशन मास्टर को निलंबित कर दिया गया है। यह घटना बहनागा बाज़ार स्टेशन से लगभग 15 किमी दूर बताई गई है, जहां 2 जून की शाम को ट्रिपल ट्रेन दुर्घटना हुई थी। इस दुर्घटना में कम से कम 293 लोग मारे गए थे, जबकि हजारों लोग घायल हुए थे।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia