अपना दल के विधायक ने बीजेपी को दिया झटका, किसान आंदोलन को समर्थन देने का किया ऐलान

अपना दल (एस) के विधायक अमर सिंह चौधरी ने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव और फिर 2019 के चुनावों में बीजेपी को वोट देने वाले लोग इन विवादास्पद कृषि कानूनों से नाखुश हैं, तो सरकार इन संदेहों को दूर करने के लिए क्यों कुछ नहीं कर रही है।

फाइल फोटोः नेशनल हेराल्ड
i

केंद्र के विवादित कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में अपना दल के एक विधायक सामने आए हैं। अपना दल उत्तर प्रदेश में बीजेपी सरकार की सहयोगी है और यह पहली बार है जब पार्टी के विधायक ने गठबंधन के अनुशासन को धता बताते हुए ऐसी घोषणा की है। उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनावों से ठीक पहले सहयोगी दल के विधायक के इस कदम से बीजेपी की किरकिरी होना तय माना जा रहा है।

किसान आंदोलन को समर्थन का एलान करते हुए अपना दल (एस) के विधायक अमर सिंह चौधरी ने गुरुवार को कहा, "ऐसा लगता है कि सरकार को इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता है कि लोग और किसान नाराज हैं। ऐसा लगता है कि उनका मकसद बस यही है कि मुट्ठी भर उद्योगपती दुखी न होने पाएं।"

उन्होंने सवाल भी उठाया कि आखिर क्यों उद्योगपति गौतम अडानी और मुकेश अंबानी ने लगभग एक साल पहले विभिन्न राज्यों में बड़े गोदाम बनाए। उन्होंने आगे कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव और फिर 2019 के चुनावों में बीजेपी को वोट देने वाले लोग इन विवादास्पद कृषि कानूनों से नाखुश हैं, तो सरकार इन संदेहों को दूर करने के लिए क्यों कुछ नहीं कर रही है।

बता दें कि अपना दल पहले ही साफ कर चुका है कि आगामी उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव वह अपने दम पर लड़ेगा। इसके अलावा सूत्रों का भी दावा है कि पार्टी धीरे-धीरे खुद को बीजेपी से दूर कर रही है। बता दें कि अपना दल के उत्तर प्रदेश विधानसभा में 9 और लोकसभा में 2 सदस्य हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए