2 बच्चों के बाद अर्जुन रामपाल ने रचाई शादी, गोवा में गर्लफ्रेंड गैब्रिएला संग रजिस्टर्ड मैरिज की

अभिनेता अर्जुन रामपाल की पत्नी डेमेट्रियाडेस दक्षिण अफ्रीकी नागरिक हैं। यह दंपति फिलहाल पणजी के पास सुकोरो गांव में रह रहा है। साधारण परिधान में रामपाल और डेमेट्रियाडेस करीब शाम चार बजे रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे।

फोटो: सोशल मीडिया
i

अभिनेता अर्जुन रामपाल ने शुक्रवार को गोवा में अपनी गर्लफ्रेंड गैब्रिएला डेमेट्रियाडेस के साथअपनी शादी रजिस्टर कराई। दोनों ने उत्तरी गोवा जिले के मापुसा स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में अपने करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी के रजिस्टरी से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी कीं। सब-रजिस्ट्रार सूरज वेरनेकर ने बताया कि इस शादी का पंजीकरण राज्य में लागू समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के तहत किया गया।

डेमेट्रियाडेस दक्षिण अफ्रीकी नागरिक हैं। यह दंपति फिलहाल पणजी के पास सुकोरो गांव में रह रहा है। साधारण परिधान में रामपाल और डेमेट्रियाडेस करीब शाम चार बजे रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे।

वेरनेकर ने बताया कि स्थानीय कानून के तहत पहली और दूसरी बार हस्ताक्षर करने के बीच अनिवार्य 15 दिन की अवधि से छूट के लिए दोनों ने स्थानीय अदालत के सहायक लोक अभियोजक से विशेष अनुमति ली थी। अधिकारी ने बताया कि शादी का प्रमाणपत्र 15 दिन के बाद दंपति को सौंप दिया जाएगा।


गैब्रिएला डेमेट्रियाडेस के साथ रिश्ते में आने से पहले, अर्जुन रामपाल की शादी पूर्व सुपरमॉडल और एंटरप्रेन्योर मेहर जेसिया से हुई थी। उन्होंने 1998 में शादी की थी और उनकी दो बेटियां हैं माहिका और मायरा। रामपाल और जेसिया ने 2018 में अलग होने की घोषणा की और बताया कि यह फैसला आपसी सहमति और एक-दूसरे के प्रति सम्मान के साथ लिया गया था। 2019 में उनका तलाक हो गया और अर्जुन रामपाल ने कहा है कि वे अब भी अपनी बेटियों की परवरिश मिल-जुलकर कर रहे हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए