नहीं रहे अरुण जेटली, राष्ट्रपति, पीएम, सोनिया गांधी समेत कई नेताओं ने जताया शोक, जानिए किसने क्या कहा

पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली का निधन हो गया है। वह 9 अगस्त से दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती थे। निधन की खबर सुनने के बाद राष्ट्रपति, पीएम मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत कई नेताओं ने दुख जाताया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को दिल्ली के एम्स में निधन हो गया। वे 66 वर्ष के थे। एम्स की मीडिया और प्रोटोकॉल प्रमुख आरती विज ने कहा, “बहुत ही दुख के साथ हमें सूचित करना पड़ रहा है कि पूर्व वित्तमंत्री और बीजेपी नेता अरुण जेटली का शनिवार को दोपहर 12.07 बजे निधन हो गया है। वह यहां एम्स में 9 अगस्त से भर्ती थे और उनका इलाज वरिष्ठ डॉक्टरों की निगरानी में हो रहा था।”

बताया जा रहा है कि अरुण जेटली के पार्थिव शरीर को आज ही उनके ही निवास स्थान दिल्ली के 44 कैलाश कॉलोनी पर लाया जाएगा। रविवार सुबह 10 बजे पार्टी दफ्तर में लोगों के अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर को रखा जाएगा। रविवार को ही दोपहर 2 बजे निगम बोध घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।


अरुण जेटली की निधन की खबर सुनने के बाद बीजेपी समेत देश के अलग-अलग राजनीतिक दल के नेताओं ने शोक जाहिर किया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अरुण जेटली के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि बीमारी से लंबी लड़ाई के बाद अरुण जेटली के निधन से काफी दुखी हूं। उन्होंने देश के निर्माण में काफी योगदान दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर शोक जताया है। पीएम मोदी ने अरुण जेटली की पत्नी और बेटे से बात की है। मोदी ने कहा कि अरुण जेटली जी के निधन से, मैंने एक मूल्यवान मित्र खो दिया है, जिसे मुझे दशकों से जानने का सम्मान मिला है। मुद्दों पर उनकी समझ और मामलों की बारीक समझ बहुत कम समानताएं थीं। वह अच्छी तरह से रहता था, हम सभी को असंख्य सुखद यादों के साथ छोड़कर। हम उन्हें याद करेंगे!


उपराष्ट्रपति और बीजेपी नेता, एम वेंकैया नायडू ने कहा उनकी मृत्यु देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है और व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए भी। मेरे पास अपना दुख व्यक्त करने के लिए कोई शब्द नहीं है।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अरुण जेटली के असामयिक निधन पर गहरा दुख और पीड़ा व्यक्त की है। उनकी मृत्यु पर शोक जताते हुए उन्होंने कहा कि जेटली ने एक सार्वजनिक व्यक्ति, सांसद और मंत्री के रूप में एक लंबी पारी खेली और सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।


पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर कांग्रेस पार्टी शोक प्रकट किया है। कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा कि श्री अरुण जेटली का निधन सुनकर हमें गहरा दुख हुआ है। उनके परिवार के प्रति हमारी संवेदना। दुःख के इस समय में हमारे विचार और प्रार्थनाएं उनके साथ हैं।

पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर शोक जताते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि उनके निधन से अत्यंत दुःखी हूँ, जेटली जी का जाना मेरे लिये एक व्यक्तिगत क्षति है। गृहमंत्री ने कहा कि उनके रूप में मैंने न सिर्फ संगठन का एक वरिष्ठ नेता खोया है बल्कि परिवार का एक ऐसा अभिन्न सदस्य भी खोया है जिनका साथ और मार्गदर्शन मुझे वर्षो तक प्राप्त होता रहा।

कांग्रेस के नेता शशि थरूर ने अरुण जेटली को श्रद्धांजलि देते हुए उनके साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर ट्वीट की। इस दौरान उन्होंने जेटली को दिल्ली यूनिवर्सिटी में अपना सीनियर बताया और शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद के बावजूद उनके बीच स्वस्थ चर्चा होती थी और एकदूसरे के प्रति आदर था। उनके निधन को भारत के लिए बड़ी क्षति बताया।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia