जब तक बीजेपी की सरकार है, तब तक संविधान खतरे में, BJP को अंबेडकर के संविधान पर भरोसा नहीं: अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने कहा, ‘‘संविधान खतरे में है और तब तक रहेगा जब तक बीजेपी है। जब तक बीजेपी की सरकार है तब तक संविधान खतरे में है। बीजेपी को भीमराव अंबेडकर के संविधान पर भरोसा नहीं है।’’

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिये अभियान शुरू करते हुये राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि जो लोग संविधान बदलने के लिए 400 सीटें जीतने की बात कर रहे थे, वे भले ही हार गए हों, लेकिन जब तक बीजेपी सत्ता में है, तब तक इसका खतरा बना रहेगा।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, ‘‘संविधान खतरे में है और तब तक रहेगा जब तक बीजेपी है। जब तक बीजेपी की सरकार है तब तक संविधान खतरे में है। बीजेपी को भीमराव अंबेडकर के संविधान पर भरोसा नहीं है।’’ उन्होंने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर ने हमें एक ऐसा हथियार दिया है जो लोहे की तलवार से मजबूत है।


नोएडा के दादरी में एक रैली को संबोधित करते हुए अखिलेश ने एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन के दौरान सपा पर लगाये गये आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी द्वारा उद्घाटन किए गए कई हवाई अड्डे अभी तक चालू नहीं हैं।

उन्होंने कहा, “पहले भी इन्होंने हवाई अड्डों का उद्घाटन किया था, लेकिन सात में से छह अब तक चालू नहीं हैं।” साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी पार्टी के सत्ता में आने पर भूमि अधिग्रहण के लिए किसानों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।

अखिलेश यादव ने कहा, “कल कहा गया कि हम नोएडा नहीं आते। मैं उन्हें याद दिलाना चाहता हूं कि मैंने यहां अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के घर उतनी बार दौरा किया है, जितनी बार उन दोनों ने मिलकर चाय नहीं पी होगी।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके अखिलेश ने इस क्षेत्र में विकास का श्रेय अपनी पार्टी की पिछली सरकार को दिया, जिसमें दिल्ली मेट्रो के जरिए दिल्ली और नोएडा को जोड़ने वाली कनेक्टिविटी भी शामिल है।

उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने नोएडा के विकास के लिए कई फैसले लिए थे। इनके पास दिखाने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए वे इस तरह के बयान दे रहे हैं।” सपा इस रैली को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों का औपचारिक आगाज मान रही है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia