राजस्थान के खिलाड़ियों को गहलोत सरकार की सौगात, पदक जीतने पर इनामी राशि कई गुना बढ़ी

सीएम अशोक गहलोत ने फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि ओलम्पिक, एशियाई और राष्ट्रमंडल जैसे अंतर्राष्ट्रीय खेलों में पदक जीत कर राजस्थान का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को दी जाने वाली इनामी राशि में तीन से चार गुना बढ़ोतरी करने का अहम निर्णय किया है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

राजस्थान की कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य के खिलाड़ियों के लिए सोमवार को बड़ा ऐलान किया। उन्होंने एक अहम फैसले में पदक जीतने वाले राज्य के खिलाड़ियों को दी जाने वाली इनामी राशि चार गुना तक बढ़ाने का ऐलान किया है। सीएम अशोक गहलोत के ऐलान के मुताबिक राज्य सरकार ने ओलंपिक, एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले राज्य के खिलाड़ियो को दी जाने वाली इनामी राशि को 3 से 4 गुना तक बढ़ा दिया है।

सीएम अशोक गहलोत ने सोमवार को एक के बाद एक कई ट्वीट कर इस फैसले की जानकारी दी। सीएम गहलोत ने कहा कि “ओलम्पिक, एशियाई तथा राष्ट्रमंडल जैसे अंतर्राष्ट्रीय खेलों में पदक जीत कर राजस्थान का नाम रोशन करने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को दी जाने वाली इनामी राशि में तीन से चार गुना तक बढ़ोतरी करने का महत्वपूर्ण निर्णय किया है।”

गहलोत ने अगले ट्वीट में जानकारी देते हुए बताया कि ओलम्पिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर दी जानी वाली 75 लाख रूपये की राशि को बढ़ाकर 3 करोड़ रूपये, रजत पदक जीतने पर दी जाने वाली राशि को 50 लाख से बढ़ाकर 2 करोड़ रूपये तथा कांस्य पदक जीतने पर दी जाने वाली राशि को 30 लाख रूपये से बढ़ाकर एक करोड़ रूपये करने को मंजूरी दी है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने तीसरे ट्वीट में बताया कि “एशियन गेम्स तथा कॉमनवेल्थ खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर प्रदेश के खिलाड़ियों को दी जाने वाली राशि को 30 लाख से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये, रजत पदक जीतने पर इनामी राशि 20 लाख से बढ़ाकर 60 लाख रुपये, कांस्य पदक जीतने पर दी जाने वाली राशि को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 30 लाख रुपये करने का निर्णय किया है।”

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */