कोटा में 5 महिलाओं की मौत पर भड़के अशोक गहलोत, सरकार को घेरा, कहा- यह संस्थागत विफलता है

अशोक गहलोत ने कहा कि पांच महिलाओं की मौत का यह मामला “सामान्य” नहीं हैं बल्कि “संस्थागत विफलता” का नतीजा है।

फोटोः सोशल मीडिया
i

 राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज में पांच महिलाओं की मौत के मामले को “अत्यंत गंभीर और चिंताजनक” करार देते हुए इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। अशोक गहलोत ने कहा कि पांच महिलाओं की मौत का यह मामला “सामान्य” नहीं हैं बल्कि “संस्थागत विफलता” का नतीजा है।

उन्होंने एम्स टीम की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि ऑपरेशन थिएटर में संदिग्ध संक्रमण की बात सामने आई है, जो अस्पताल प्रशासन के दावों के विपरीत है। अशोक गहलोत ने बताया कि कई अन्य महिलाओं की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है।

उन्होंने कहा, “पांच महिलाएं अब भी जिंदगी की जंग लड़ रही हैं और गंभीर जटिलताओं के कारण डायलिसिस पर हैं।”

गहलोत ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि वे इलाज और सहयोग को लेकर असमंजस में हैं।


उन्होंने मांग की कि यदि मरीजों को दीर्घकालिक जटिलताओं का सामना करना पड़ता है तो राज्य सरकार इलाज का पूरा खर्च उठाए। उन्होंने साथ ही बीकानेर में भी इसी तरह की स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि अस्पताल की खराब स्थितियां और संक्रमण का खतरा मरीजों को प्रभावित कर रहा है।

गहलोत ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने प्रभावित परिवारों को तुरंत मुआवजा देने की भी मांग की। राज्य सरकार या अस्पताल प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए