असम विधानसभा चुनाव: बीजेपी ने 88 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, CM हिमंत शर्मा जलुकबारी से चुनाव लड़ेंगे

जलुकबारी सीट से मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा का नाम भी शामिल है। हिमंत विश्व शर्मा लगातार छठी बार अपनी सीट बरकरार रखने के प्रयास में जलुकबारी क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा
i
user

नवजीवन डेस्क

भारतीय जनता पार्टी ने असम विधानसभा चुनाव के लिए 88 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची बृहस्पतिवार को जारी कर दी जिसमें जलुकबारी सीट से मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा का नाम भी शामिल है। हिमंत विश्व शर्मा लगातार छठी बार अपनी सीट बरकरार रखने के प्रयास में जलुकबारी क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।

बीजेपी के मौजूदा सांसद हितेंद्र नाथ गोस्वामी को जोरहाट विधानसभा क्षेत्र से असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई के खिलाफ मैदान में उतारा गया है। हाल ही में बीजेपी में शामिल हुए कांग्रेस के पूर्व नेता प्रद्युत बोरदोलोई और भूपेन बोरा क्रमशः दिसपुर तथा बिहपुरिया सीट से चुनाव लड़ेंगे।

हाल ही में कांग्रेस से बीजेपी में आए नेताओं में शशि कांता दास को राहा (सुरक्षित) सीट से मैदान में उतारा गया है, जबकि कमलाख्या पुरकायस्थ को करीमगंज (उत्तर) से हटाकर कटिगोरा सीट से टिकट दिया गया है। अगप के पूर्व विधायक भूपेन रॉय, जो हाल ही में भाजपा में शामिल हो गए थे, अभयपुरी से चुनाव लड़ेंगे।


कैबिनेट मंत्री अजंता नियोग अपनी वर्तमान सीट गोलाघाट से, शिक्षा मंत्री रनोज पेगु वर्तमान सीट धेमाजी (सुरक्षित) से, रूपेश गोवाला डूमडूमा से, बिनल बोरा तिंगखोन से, पीयूष हजारिका जगीरोड से, जयंत मल्ला बरुआ नलबाड़ी से, अशोक सिंघल ढेकियाजुली से, कृष्णेंदु पॉल पाथरकांडी से और कौशिक राय लखीमपुर सीट से चुनाव लड़ेंगे।

विधानसभा अध्यक्ष विश्वजीत दैमारी की सीट बदलते हुए उन्हें पैनेरी की बजाए अब तामुलपुर से, मंत्री चंद्रमोहन पटोवेरी को धर्मपुर के बजाए तिहू से और रंजीत कुमार दास को पथाचारकुची की बजाए भवानीपुर-सोरभोग से मैदान में उतारा गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली को दुलियाजान से चुनावी मैदान पर उतारा गया है।

महमोरा सीट का प्रतिनिधित्व मंत्री जोगेन मोहन कर रहे थे और वह हाल ही में राज्यसभा के लिए चुने गए हैं। इस सीट से अब सुरुज दिहिंगिया चुनाव लड़ेंगे। पूर्व मंत्री भबेश कलिता रंगिया से चुनाव लड़ेंगे, वहीं संजय किशन को तिनसुकिया के बदले माकुम से मैदान में उतारा गया है।

पार्टी ने पिछले चुनाव में दो महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया था और इस बार उसने छह महिलओं को टिकट दिया है। बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने बुधवार शाम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में हुई बैठक में उम्मीदवारों की पहली सूची को अंतिम रूप दिया। राज्य विधानसभा की 126 सीट के लिए मतदान नौ अप्रैल को होगा जबकि मतगणना चार मई को होगी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia