असम चुनाव: राहुल गांधी बोले- हिमंत शर्मा सबसे भ्रष्ट CM, पीएम मोदी, शाह के साथ मिलकर असम में ‘लैंड एटीएम’ चला रहे
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि हिमंत शर्मा, पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के साथ मिलकर राज्य में ‘‘लैंड एटीएम’’ चला रहे हैं और आम लोगों से जमीन छीनकर बड़े उद्योगपतियों को दे रहे हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को भारत का ‘‘सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री’’ बताते हुए बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि हिमंत शर्मा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ मिलकर राज्य में ‘‘लैंड एटीएम’’ चला रहे हैं और आम लोगों से जमीन छीनकर बड़े उद्योगपतियों को दे रहे हैं।
कार्बी आंगलोंग और जोरहाट जिलों में लगातार चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि लोगों से जमीन छीनकर बड़ी-बड़ी कंपनियों को सौंपी जा रही है। गायक जुबिन गर्ग का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वे असम की भावना का प्रतिनिधित्व करते थे और उन्होंने उनकी मौत के संबंध में न्याय का आश्वासन दिया।
राहुल गांधी ने असम विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया, जिसमें शासन, पहचान और स्वास्थ्य सेवा जैसे 11 क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया गया है।
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘भारत के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा हैं और उनका परिवार भी भ्रष्टाचार के मामले में पहले नंबर पर है। कांग्रेस सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी। अभी वह चाहे जितनी डींगें मार लें, उसके बाद वह पूरी तरह चुप हो जाएंगे।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री शर्मा असम को गिरोहों के माध्यम से चला रहे हैं और उनके भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण मोदी ने उन पर पूरी तरह से नकेल कसी हुई है।
राहुल गांधी ने कहा, “मुख्यमंत्री चाहे माफी भी मांग लें, कानून अपना काम करेगा और कार्रवाई जरूर होगी। इसीलिए वे डरे हुए हैं और जानते हैं कि एक दिन उन्हें जवाबदेह ठहराया जाएगा। दुनिया में कोई भी उन्हें कानूनी कार्रवाई से नहीं बचा सकता।”
उन्होंने आगे कहा कि न केवल शर्मा, बल्कि उनके परिवार पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की भी जांच की जाएगी और उचित कार्रवाई की जाएगी। राहुल गांधी ने कहा, “मैं बकवास नहीं करता। मैं जो कहता हूं, वही करता हूं।” उन्होंने यह भी कहा कि शर्मा नफरत, हिंसा और दुर्व्यवहार फैला रहे हैं, जो असम की शैली नहीं है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता ने दावा किया कि असम में तीन बड़े कॉरपोरेट घरानों को कुल 98,400 बीघा जमीन सौंप दी गई है। उन्होंने कहा, ‘‘मोदी, शाह और शर्मा ने असम को एक ‘लैंड एटीएम’ बना दिया है। वे लोगों से जमीन छीनते हैं और बड़े उद्योगपतियों को दे देते हैं।’’
प्रसिद्ध संगीतकार जुबिन गर्ग का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वह पूरे राज्य और उसके लोगों का प्रतिनिधित्व करते थे। गर्ग की पिछले साल सितंबर में सिंगापुर में डूबने से मौत हो गई थी।
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘वह किसी एक व्यक्ति, एक समुदाय, एक भाषा या एक इतिहास के लिए नहीं खड़े थे। वह असम की बहुसांस्कृतिक और बहुधार्मिक परंपरा की भावना को दर्शाते थे। हम सत्ता में आएंगे तो 100 दिनों के भीतर न्याय दिलाएंगे और यह 100 प्रतिशत तय है।’’
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि कांग्रेस विकेंद्रीकरण में विश्वास करती है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) असम को दिल्ली से चलाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘यही बीजेपी और कांग्रेस के बीच का अंतर है। असम में विभिन्न विचारधाराओं, पहचानों, धर्मों और जातियों के लोग रहते हैं, जो विभिन्न फूलों के गुलदस्ते की तरह है। हम चाहते हैं कि लोग इसी तरह रहें।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम संविधान के अनुच्छेद 244(ए) को पूरी तरह लागू करने का वादा करते हैं। कार्बी आंगलोंग और छठी अनुसूची के सभी क्षेत्रों का शासन स्थानीय लोगों द्वारा किया जाएगा, न कि गुवाहाटी या दिल्ली से।’’
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के तहत आदिवासी आबादी के सभी अधिकारों और पहचान की पूरी तरह से रक्षा की जाएगी।
उन्होंने चाय बागान श्रमिकों की दैनिक मजदूरी को 350 रुपये तक बढ़ाने के वादे को पूरा करने में विफल रहने के लिए भाजपा सरकार पर भी हमला किया। राहुल गांधी ने कहा, “पिछले चुनाव में उन्होंने यही वादा किया था। इस बार भी उन्होंने झूठा वादा किया है कि दैनिक मजदूरी बढ़ाकर 500 रुपये कर दी जाएगी।”
उन्होंने यह भी बताया कि छह समुदाय, जो कई वर्षों से अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की मांग कर रहे हैं, उन्हें सत्तारूढ़ भाजपा द्वारा ऐसा करने के वादे के बावजूद यह दर्जा नहीं दिया गया है।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर कांग्रेस सांसद ने दावा किया कि यह नयी दिल्ली के लिए नुकसानदेह है, क्योंकि अमेरिकी वस्तुओं पर कर कम किए गए हैं और भारतीय बाजार को उनके लिए खोल दिया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘(अमेरिकी राष्ट्रपति) डोनाल्ड ट्रंप, एप्स्टीन फाइल्स के कारण नरेन्द्र मोदी को नियंत्रित करते हैं। 35 लाख अप्रकाशित फाइलें मौजूद हैं। ट्रंप जानते हैं कि अगर ये फाइलें जारी हो गईं तो मोदी की छवि पूरी तरह से नष्ट हो जाएगी। ट्रंप को अदाणी के सभी रिकॉर्ड की जानकारी है और उन्होंने अमेरिका में कारोबारी के खिलाफ आपराधिक मामले भी दर्ज किए हैं।’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि व्यापार समझौते के कारण कृषि क्षेत्र को अमेरिकी कॉरपोरेट्स के लिए खोल दिया गया है और कच्चे तेल की खरीद को लेकर अमेरिका भारत पर दबाव बनाने की स्थिति में है।
उन्होंने कहा, ‘‘नरेन्द्र मोदी ने सारा डेटा भी ट्रंप को सौंप दिया है। इस समझौते में कहा गया है कि भारत को अमेरिका से नौ लाख करोड़ रुपये के सामान खरीदने होंगे। इससे भारत के छोटे उद्योगपतियों और व्यापारियों को भारी नुकसान होगा।’’
राहुल गांधी ने पार्टी की ‘‘पांच गारंटी’’ का भी जिक्र किया, जिनमें हर महिला के बैंक खाते में बिना शर्त हर महीने धनराशि भेजना और व्यवसाय शुरू करने या विस्तार करने की इच्छुक महिलाओं को अतिरिक्त 50,000 रुपये की सहायता देना शामिल है।
सत्ता में आने की कोशिश कर रही कांग्रेस ने सभी परिवारों के लिए 25 लाख रुपये का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा और 10 लाख मूल (आदिवासी) लोगों को स्थायी भूमि पट्टे देने का वादा किया है।
असम में 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव नौ अप्रैल को होगा जबकि नतीजे चार मई को घोषित किए जाएंगे।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia