असम: कोयला खदान में बचाव अभियान सातवें दिन भी जारी, मृतकों की संख्या चार हुई, कई अभी भी लापता

खदान से पानी निकालने का काम जारी है और जलस्तर घट रहा है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना और नौसेना कर्मियों समेत कई एजेंसियां अभियान में जुटी हैं। राज्य के खान एवं खनिज मंत्री कौशिक राय ने कहा कि अगले अगले 36 घंटे में अभियान के अंतिम चरण में पहुंचने की उम्मीद है।

असम: कोयला खदान में बचाव अभियान सातवें दिन भी जारी, मृतकों की संख्या चार हुई, कई अभी भी लापता
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

असम के दीमा हसाओ जिले में कोयला खदान में फंसे मजदूरों का पता लगाने के लिए बचाव अभियान रविवार को सातवें दिन भी जारी रहा। गुवाहाटी से लगभग 250 किलोमीटर दूर उमरंगसो क्षेत्र में स्थित कोयला खदान में छह जनवरी को अचानक पानी भर जाने से कुल नौ मजदूर फंस गए थे। इनमें से अब तक चार मजदूरों के शव बरामद किए जा चुके हैं। पहला शव बुधवार को बरामद किया गया जबकि तीन अन्य शव शनिवार को निकाले गए।

एनडीआरएफ टीम के कमांडर रोशन कुमार सिंह ने कहा कि जलमग्न खदान से पानी निकालने की प्रक्रिया जारी है और जलस्तर घट रहा है। उन्होंने बताया, "आज बचाव अभियान का सातवां दिन है और अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं। पानी निकालने का काम जारी है और जलस्तर घट रहा है।" राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), सेना और नौसेना कर्मियों समेत कई एजेंसियां अभियान में जुटी हैं और ड्रोन तैनात किए गए हैं।


राज्य के खान एवं खनिज मंत्री कौशिक राय ने बताया कि खदान से पानी निकालने का काम जारी है और उम्मीद है कि यह प्रक्रिया जल्द ही अंतिम चरण में पहुंच जाएगी। राय ने शनिवार को घटनास्थल पर जारी अभियान निरीक्षण किया और कहा कि अगले 36 घंटे में जल निकासी का अंतिम चरण पूरा हो जाने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा, "पानी निकालने का काम जारी है। अगले 36 घंटे में हम अभियान के अंतिम चरण में पहुंचने की उम्मीद करते हैं।" मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा था कि यह खदान 12 साल पहले बंद कर दी गई थी और तीन साल पहले तक यह असम खनिज विकास निगम के अधीन थी। खनिकों के मुखिया को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia