Assembly Election 2026 Results LIVE: राहुल गांधी बोले- असम-बंगाल में BJP ने चुनाव आयोग के समर्थन से चुनाव चुराया

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि असम और पश्चिम बंगाल में बीजेपी द्वारा निर्वाचन आयोग की मदद से चुनाव धांधली के मामले स्पष्ट हो गए हैं। उन्होंने कहा कि हम ममता बनर्जी से सहमत हैं, बंगाल में 100 से अधिक सीटें धांधली से जीती गईं। हमने यह पहले भी देखा है।

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

सीपीएम ने बंगाल में खाता खोला, दोमकल सीट पर जीत दर्ज की

पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए हुए चुनाव में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) ने एक सीट पर जीत दर्ज की। सीपीएम ने मुर्शिदाबाद जिले की दोमकल सीट जीती। इससे पहले, 2021 के राज्य विधानसभा चुनाव में पार्टी अपना खाता नहीं खोल पाई थी। निर्वाचन आयोग के अनुसार, मोहम्मद मुस्ताफिजुर रहमान ने तृणमूल के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 16,296 वोटों से हराया।

वाम मोर्चा ने 252 निर्वाचन क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारे, जिनमें सीपीएम ने 195 सीटों पर, अखिल भारतीय फॉरवर्ड ब्लॉक ने 23 सीटों पर, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने 16 सीटों पर, आरएसपी ने 16 सीटों पर, आरसीपीआई ने एक सीट पर और मार्क्सवादी फॉरवर्ड ब्लॉक ने एक सीट पर चुनाव लड़ा। वाम मोर्चा 2021 के विधानसभा चुनाव और 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में भी पश्चिम बंगाल से एक भी सीट जीतने में असफल रहा था।

राहुल गांधी ने ममता बनर्जी का समर्थन किया, कहा- असम-बंगाल में BJP ने चुनाव आयोग के समर्थन से चुनाव चुराया

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि असम और पश्चिम बंगाल में बीजेपी द्वारा निर्वाचन आयोग के समर्थन से चुनाव धांधली के मामले स्पष्ट हो गए हैं। उन्होंने कहा कि हम ममता बनर्जी से सहमत हैं, पश्चिम बंगाल में 100 से अधिक सीटें धांधली से जीती गईं। कांग्रेस नेता ने कहा कि हमने यह प्लेबुक पहले भी देखी है: मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, लोकसभा 2024 आदि। चुनाव चोरी, संस्था चोरी- अब और चारा ही क्या है!

जनता के फैसले का सम्मान करती है द्रमुक, पार्टी का सफर जारी रहेगा: स्टालिन 

द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष और मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी जनता के फैसले का सम्मान करती है और उसे स्वीकार करती है। स्टालिन ने यह भी कहा कि सत्तारूढ़ दल के रूप में शानदार काम करने वाली उनकी पार्टी अब मुख्य विपक्षी दल के रूप में भी अच्छा काम करेगी। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में स्टालिन ने कहा, ‘‘मैं जनता के फैसले का सम्मान करता हूं...द्रमुक की राजनीतिक यात्रा जारी रहेगी।’’


केरल की प्रतिभा और क्षमता का सदुपयोग करेंगे: राहुल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केरल विधानसभा चुनाव में पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन यूडीएफ की जीत पर सोमवार को राज्य के लोगों का आभार जताया और कहा कि नई सरकार प्रदेश की प्रतिभा और क्षमता का सदुपयोग करेगी।

केरल विधानसभा चुनाव में सोमवार को कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ प्रचंड जीत की ओर अग्रसर है और वह करीब 100 सीटों पर आगे चल रहा है अथवा जीत चुका है।

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘वास्तव में निर्णायक जनादेश के लिए केरल में मेरे भाइयों और बहनों को धन्यवाद। कठिन संघर्ष और अच्छी तरह से चलाए गए अभियान के लिए प्रत्येक यूडीएफ नेता और कार्यकर्ता को बधाई। जैसा कि मैंने पहले कहा था, केरल में प्रतिभा है, केरल में क्षमता है और अब केरल में यूडीएफ सरकार है जिसका लक्ष्य दोनों का सदुपयोग करना है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं जल्द ही अपने केरल परिवार से मिलने के लिए उत्सुक हूं।’’

केरल के विश्वास पर खरा उतरेंगे, अन्य राज्यों के नतीजों का विश्लेषण किया जाएगा: कांग्रेस

कांग्रेस ने केरल विधानसभा चुनाव में उसके नेतृत्व वाले गठबंधन यूडीएफ के प्रचंड बहुमत की ओर अग्रसर होने के बाद सोमवर को कहा कि वह प्रदेश की जनता के विश्चास पर खरा उतरेगी।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि अन्य राज्यों के नतीजे पार्टी के लिए निराशाजनक जरूर हैं, लेकिन वह हताश नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनाव नतीजों का गहराई से विश्लेषण किया जाएगा। कांग्रेस नेता ने कहा कि केरल में पर्यवेक्षकों को भेजने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘कांग्रेस केरल की जनता को हार्दिक धन्यवाद देती है कि उन्होंने यूडीएफ को भारी बहुमत से सेवा का मौक़ा दिया है। हमारी ज़िम्मेदारी हम पहचानते हैं और केरल की जनता ने जो विश्वास हम पर जताया है, हम उस पर खरा उतरेंगे।’’


बंगाल के रुझानों में बीजेपी की जीत के बीच कूचबिहार के दिनहाटा में झड़प

बंगाल के रुझानों में बीजेपी की जीत के बीच कूचबिहार के दिनहाटा में हिंसा की घटना सामने आई है।

पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास, राज्य सचिवालय के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई

लोगों का एक समूह सोमवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के पास पहुंच गया और “जय श्री राम” के नारे लगाए, जिसके बाद निर्वाचन आयोग के निर्देश पर वहां सुरक्षा बढ़ा दी गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर राज्य सचिवालय ‘नबान्न’ के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

निर्वाचन आयोग के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में दोपहर 3:30 बजे तक हुई मतगणना में भाजपा राज्य की कुल 294 विधानसभा सीट में से 195 पर आगे है, जबकि ममता के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस को 92 सीट पर बढ़त हासिल है।

अधिकारी ने कहा, “हमें सूचना मिली कि कुछ लोग ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास और राज्य सचिवालय पहुंचे तथा नारे लगाए, जिसके बाद वहां केंद्रीय बलों को तैनात कर दिया गया है। हम कानून-व्यवस्था में किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं चाहते।”


चुनाव आयोग के अनुसार, शाम 4.24 बजे तक ममता बनर्जी भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सुवेंदु अधिकारी से 7184 वोटों के अंतर से आगे

चुनाव आयोग के अनुसार, शाम 4.24 बजे तक TMC चेयरपर्सन और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के सुवेंदु अधिकारी से 7184 वोटों के अंतर से आगे चल रही हैं।

कर्नाटक में गारंटी योजनाओं का असर, केरल में सत्ता की उम्मीद, तमिलनाडु में चौंकाने वाले नतीजे: डीके शिवकुमार

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और राज्य कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस सरकार की गारंटी योजनाओं से राज्य में सकारात्मक परिणाम मिले हैं। उन्होंने चुनावी नतीजों पर भरोसा जताते हुए अन्य राज्यों के नतीजों पर भी टिप्पणी की।

मीडिया से बात करते हुए शिवकुमार ने कहा कि कर्नाटक में गारंटी योजनाओं ने हमारे पक्ष में काम किया है। हमारी सरकार ने जनता की समस्याओं का समाधान किया है, और यही कारण है कि हमें उपचुनावों में अच्छे परिणाम देखने को मिले हैं। अन्य राज्यों में, हमें केरल में सत्ता में आने का पूरा भरोसा था।

एमएस/


कांग्रेस नेता के. सुरेश ने कहा- यह केरलम की जनता की बड़ी जीत है। जनता ने हम पर विश्वास किया

कांग्रेस नेता के. सुरेश ने कहा, "यह केरलम की जनता की बड़ी जीत है। जनता ने हम पर विश्वास किया... हमने यहां शतक पूरा कर लिया है। UDF सरकार पर लोगों ने भरोसा जताया, पिछले 10 सालों में LDF सरकार ने जनता को बहुत लूटा है... जनता LDF से निजात चाहती है। केरलम की जनता ने यही संदेश दिया है... हमने लोगों से जो वादे किए थे उसे हम पूरा करेंगे... राहुल गांधी ने केरलम की जनता को जो 5 गारंटियां दी थी उन्हें भी हम पूरा करेंगे।"

 मैं केरल की जनता का धन्यवाद करता हूं-दीपेंद्र सिंह हुड्डा

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि केरल में कांग्रेस-UDF का अच्छा प्रदर्शन रहा है और कांग्रेस की जहां तीन प्रदेशों में सरकार थी, अब चौथे प्रदेश में भी सरकार बनने जा रही है. मैं केरल की जनता का धन्यवाद करता हूं.


10 साल यहां बुरी तरह की राजनीति हुई है- शशि थरूर

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि हम इस प्रदेश की भलाई के लिए वे सब करने को तैयार हैं जो आवश्यक है। 10 सालों से सरकार की जो कमियां थीं हम उस पर काम करेंगे। हमारे युवा इस राज्य को छोड़कर दूसरे राज्यों में जा रहे हैं। 10 साल यहां बुरी तरह की राजनीति हुई है इसलिए लोगों के मन में आया कि इस बार केरलम में सरकार बदलनी चाहिए। हम ईमानदारी से जनता के साथ संपर्क करते हुए काम करेंगे।

तिरुवनंतपुरम- कांग्रेस आलाकमान तय करेगा कि मुख्यमंत्री कौन होगा-  हरिपाद से कांग्रेस के विजयी उम्मीदवार रमेश चेन्निथला 


केरल चुनाव नतीजे: मतगणना के छह घंटे बाद केरल विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के नेतृत्व वाला UDF भारी बढ़त बनाए हुए है।

केरल: CM कौन बनेगा, इस पर फ़ैसला विधायक दल की बैठक और पार्टी में लिया जाएगा- इमरान प्रतापगढ़ी

यह पूछे जाने पर कि क्या केरल के नतीजों के लिए KC वेणुगोपाल को CM पद का इनाम मिलेगा, कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा, "ऐसी बातों पर फ़ैसले कांग्रेस विधायक दल की बैठक में लिए जाते हैं। कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है, और पार्टी की एक बैठक के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि CM कौन बनेगा, इस पर फ़ैसला विधायक दल की बैठक और पार्टी में लिया जाएगा।"


केरल विधानसभा चुनाव के नतीजे - कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला हरिपाद विधानसभा सीट से 23,377 वोटों के अंतर से जीत गए हैं।

केरल के पल्लकड़ में UDF और LDF के कार्यकर्ताओं में झड़प

केरल विधानसभा चुनाव रिजल्ट के बीच पल्लकड़ में UDF और LDF के कार्यकर्ताओं में झड़प हुई है. यहां ध्यान देने वाली बात है कि एलडीएफ की हार होती दिख रही है. कांग्रेस नीत यूडीएफ अभी 97 सीटों पर आगे हैं. वहीं, एलडीएफ 39 सीटों पर आगे चल रहा है. गौरतलब है कि मौजूदा नतीजों से साफ दिख रहा है कि केरल से लेफ्ट का किला ढह चुका है.


केरलम के नतीजों पर दिल्ली में कांग्रेस कार्यालय के बाहर जश्न

मतगणना केंद्र न छोड़ें एजेंट, अभी 18 दौर की गणना बाकी: मुख्यमंत्री ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतगणना के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मतगणना एजेंटों से मतगणना केंद्रों को न छोड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा, अभी भी जितनी सीटें दिख रही हैं, उसके अलावा सौ सीटों पर तृणमूल कांग्रेस आगे है, जिसके बारे में बताया नहीं जा रहा है। तीन-चार दौर की गिनती के बाद गणना रोक दी गई। पूरा तंत्र केंद्रीय बलों के बल पर काम कर रहा है। इसलिए मैं अपने उम्मीदवारों-समर्थकों को कहना चाहूंगी कि इतना दुखी होने की जरूरत नहीं है। आप इंतजार करें और देखें कि क्या चुनाव परिणाम आता है। अभी केवल चार दौर की गणना हुई है। 18 दौर की गिनती बाकी है। अगर गड़बड़ी हुई तो हम बाघ के बच्चों की तरह लड़ेंगे। 


बंगाल में काउंटिंग के बीच आसनसोल और बांकुरा में झड़प, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

बंगाल में काउंटिंग के बीच आसनसोल और बांकुरा में झड़प की खबर सामने आई है, पुलिस ने हालात को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज किया है।

पश्चिम बंगाल चुनाव : बेलेघाटा में तृणमूल के कुणाल घोष आगे

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को जारी मतगणना के रुझानों के अनुसार उत्तरी कोलकाता की बेलेघाटा सीट पर तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार कुणाल घोष अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्थ चौधरी से आगे हैं। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी।

आयोग के अनुसार, चौथे दौर की मतगणना के बाद घोष 14,527 मतों से आगे हैं।


केरलम में UDF की जीत का जश्न, कांग्रेस नेताओं ने एक दूसरे को खिलाई मिठाई

केरल में कांग्रेस नेतृत्व UDF का शानदार प्रदर्शन, रुझानों में 98 सीटों पर बढ़त

पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के चुनाव नतीजे आ रहे हैं। केरल में कांग्रेस नेतृत्व UDF का शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है, रुझानों में 98 सीटों पर पार्टी ने बढ़त बनाई है।


West Bengal Election Result: बांकुरा यूनिवर्सिटी में BJP-TMC समर्थकों में झड़प

बांकुरा यूनिवर्सिटी स्थित मतगणना केंद्र के बाहर BJP और TMC समर्थकों के बीच झड़प हो गई। स्थिति बिगड़ती देख केंद्रीय सुरक्षा बलों को हस्तक्षेप करना पड़ा। भीड़ को तितर-बितर करने और व्यवस्था बहाल करने के लिए उन्हें लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा।

केरल चुनाव 2026- कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने तिरुवनंतपुरम स्थित पार्टी कार्यालय में पार्टी नेता रमेश चेन्निथला, प्रदेश पार्टी अध्यक्ष सन्नी जोसेफ और पार्टी सांसद शशि थरूर को गले लगाया 


पश्चिम बंगाल: रुझानों में भवानीपुर से ममता बनर्जी आगे

ममता बनर्जी ताजा रुझानों में भवानीपुर से आगे चल रही हैं. भवानीपुर सीट बंगाल में चुनाव में सबसे हॉटसीट बनी हुई है। इसके अलावा जमुरिया सीट पर बीजेपी आगे है। आसनसोल से बीजेपी आगे चल रही है. झारग्राम सीट से भी बीजेपी आगे चल रही है।

केरलम में CM पिनराई विजयन 2000 वोटों से पीछे

केरलम में CM पिनराई विजयन तीन राउंड की काउंटिंग के बाद 2000 वोटों से पीछे चल रहे हैं। यहां 15 राउंड की काउंटिंग होनी है।

Assembly Election 2026 Results LIVE: राहुल गांधी बोले- असम-बंगाल में BJP ने चुनाव आयोग के समर्थन से चुनाव चुराया

केरलम की जीत से कांग्रेस में खुशी की लहर, कांग्रेस ऑफिस में बज रहे ढोल बजे

केरल में कांग्रेस नीत यूडीएफ कमाल करता दिख रहा है. केरलम विधानसभा चुनाव रिजल्ट के रुझानों में यूडीएफ 85 सीटों पर आगे है, जबकि एलडीएफ 50 सीटों पर पिछड़ा हुआ है. केरल में संभावित जीत को देखते हुए कांग्रेस दफ्तर में जश्न का माहौल है. केरलम की जीत से कांग्रेस में खुशी की लहर है. कांग्रेस ऑफिस में ढोल बज रहा है. केरल में 140 सीटों पर काउंटिंग हो रही है.

बंगाल चुनाव नतीजों के रुझानों में किसको कितनी सीटें 

बंगाल चुनाव नतीजों के रुझानों में अब भाजपा 145 सीटों पर आगे है। जबकि ममता बनर्जी की टीएमसी अब 108 सीटों पर पहुंच गई है। गौरतलब है कि बहुमत का आंकड़ा बंगाल में 147 है और कुल 293 सीटों पर काउंटिंग हो रही है।


Keralam Results 2026: केरलम में कांग्रेस गठबंधन ने पार किया बहुमत का आंकड़ा

चुनाव आयोग के नए ट्रेंड्स के मुताबिक, इंडियन नेशनल कांग्रेस (INC) की यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। यह 71 से ज़्यादा सीटों पर आगे चल रही है. केरल विधानसभा में कुल 140 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए 71 सीटों की ज़रूरत होती है।

तमिलनाडु चुनाव नतीजे: EC के आंकड़ों के अनुसार, AIADMK 28 सीटों पर, TVK 26 सीटों पर और DMK 12 सीटों पर आगे है।


जोरहाट: मतगणना के शुरुआती रुझानों पर गौरव गोगोई ने कहा, "हम असम में सकारात्मक नतीजों का इंतजार कर रहे हैं। हम मतगणना के हर दौर पर नज़र रखेंगे 

Keralam Results 2026: सरकार बदलने वाली है, केरल के विकास के लिए काम होगा- थरूर

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने केरल चुनाव के शुरुआती रुझानों पर कहा कि केरल के मतदाताओं ने समझा है कि बदलाव का समय है. कई बड़े नेता भी शुरुआती रुझानों में पीछे चल रहे हैं. यह बड़ा संकेत है. अभी के लिए यह अच्छी शुरुआत है. सरकार बदलने वाली है. केरल के विकास के लिए काम होगा.


रुझानों में केरल में UDF की 80 से ज्यादा सीटों पर बढ़त, बंगाल में कांटे की टक्कर

Bengal Assembly Election Results: शुरुआती रुझानों में बीजेपी और टीएमसी दोनों ने 100 का आंकड़ा पार किया


शुरुआती रुझानों में TMC और BJP के बीच कांटे की टक्कर

शुरुआती रुझानों में बंगाल में उतार-चढ़ाव भरा मुकाबला देखने को मिल रहा है। बीजेपी 85 सीटों पर आगे चल रही है, वहीं तृणमूल कांग्रेस 72 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, कांग्रेस 2 सीटों पर आगे है।

असम: नाज़िरा विधानसभा से नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस उम्मीदवार देबब्रत सैकिया ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि सरकार बदलेगी


भवानीपुर में काउंटिंग सेंटर पर बवाल, TMC ने कई इलाकों में बिजली काटने का लगाया आरोप

असम: गुवाहाटी स्थित मणिराम दीवान ट्रेड सेंटर से दृश्य, जहां 126 विधानसभा सीटों के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है।


स्ट्रांग रूम के ताले खुलने शुरू

बंगाल से लेकर असम और तमिलनाडु तक, पांच राज्यों में स्ट्रांग रूम के ताले खुलने शुरू हो गए हैं। सभी स्ट्रांग रूम की सुरक्षा कड़ी की गई है। इस बार स्ट्रॉन्गरूम को खोलने की वीडियोग्राफी की जा रही है। कुछ ही देर में मतगणना शुरू हो जाएगी।

बंगाल और असम समेत 5 विधानसभा चुनावों के आज आएंगे नतीजे

पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी और दोपहर तक तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी कि किस राज्य में किसकी सरकार बनने जा रही है। इस बार सबसे ज्यादा नजरें पश्चिम बंगाल पर हैं, जहां एग्जिट पोल्स में सत्तारूढ़ टीएमसी और बीजेपी के बीच कड़ी टक्कर का अनुमान जताया गया है। वहीं असम और पुडुचेरी में बीजेपी गठबंधन की वापसी के संकेत मिले हैं, जबकि केरल और तमिलनाडु में यूडीएफ और डीएमके गठबंधन को बढ़त मिलने की संभावना जताई गई है। 'नवजीवन' के इस लाइव ब्लॉग में आपको हर राज्य से जुड़ी पल-पल की अपडेट, रुझान और नतीजे सबसे पहले मिलेंगे।

पश्चिम बंगाल: 294 सीटें, बहुमत 148, TMC और BJP में टक्कर

पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 सीटों में से 293 सीटों के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे, क्योंकि फाल्टा सीट पर चुनाव आयोग ने पुनर्मतदान कराने का फैसला किया है। इस सीट के 285 मतदान केंद्रों पर 21 मई को वोटिंग होगी और इसके नतीजे 24 मई को आएंगे। इसके अलावा मगराहट पश्चिम और डायमंड हार्बर सीट के 15 बूथों पर 2 मई को दोबारा मतदान कराया गया था। राज्य में बहुमत का आंकड़ा 148 सीटों का है और पिछले 15 साल से टीएमसी सत्ता में है। इस बार बीजेपी ने कड़ी चुनौती पेश की है और एग्जिट पोल्स में दोनों दलों के बीच कांटे की टक्कर दिखाई गई है। इस चुनाव में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) के कारण भी काफी चर्चा रही, जिसमें करीब 91 लाख वोटरों के नाम हटाए गए। मतगणना के लिए राज्य में 77 केंद्र बनाए गए हैं।

असम: 126 सीटें, बहुमत 64, BJP vs कांग्रेस, वापसी या बदलाव?

असम विधानसभा की 126 सीटों के लिए मतदान 9 अप्रैल को एक चरण में हुआ था और आज इसके नतीजे सामने आएंगे। राज्य में बहुमत का आंकड़ा 64 सीटों का है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने लगातार तीसरी बार बीजेपी की जीत का दावा किया है, जबकि कांग्रेस ने सत्ता में वापसी की उम्मीद जताई है। हालांकि अधिकतर एग्जिट पोल्स में बीजेपी गठबंधन को बढ़त मिलती दिखाई गई है, जिससे मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है।

केरल: 140 सीटें, बहुमत 71, क्या बदलेगी सत्ता?

केरल विधानसभा की 140 सीटों पर भी 9 अप्रैल को एक चरण में मतदान हुआ था और आज मतगणना के साथ यह तय होगा कि राज्य में सत्ता किसके हाथ में जाएगी। बहुमत का आंकड़ा 71 सीटों का है। पिछले 10 साल से वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) सत्ता में है, लेकिन इस बार एग्जिट पोल्स में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ को बढ़त दिखाई गई है। इसके अलावा बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए भी इस बार मजबूत दावेदारी के साथ मैदान में उतरा है, जिससे मुकाबला कुछ हद तक त्रिकोणीय होने की चर्चा रही।

तमिलनाडु: 234 सीटें, बहुमत 118, DMK vs AIADMK, TVK अहम फैक्टर

तमिलनाडु विधानसभा की 234 सीटों के लिए 23 अप्रैल को एक चरण में मतदान हुआ था और आज इसके नतीजे घोषित होंगे। राज्य में बहुमत का आंकड़ा 118 सीटों का है। इस बार मुख्य मुकाबला डीएमके और एआईएडीएमके गठबंधन के बीच है, लेकिन अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके ने चुनाव को और दिलचस्प बना दिया है। अधिकतर एग्जिट पोल्स में डीएमके गठबंधन को बढ़त का अनुमान लगाया गया है, हालांकि कुछ सर्वे में कड़ी टक्कर की संभावना भी जताई गई है।

पुडुचेरी: 30 सीटें, बहुमत 16

केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल को मतदान हुआ था और आज यहां के नतीजे भी घोषित किए जाएंगे। बहुमत का आंकड़ा 16 सीटों का है। फिलहाल यहां बीजेपी के नेतृत्व वाला गठबंधन सत्ता में है और अधिकतर एग्जिट पोल्स में इसी गठबंधन की वापसी का अनुमान लगाया गया है। मतगणना के बाद तस्वीर साफ हो जाएगी का यहां किसकी सरकार बनने जा रही है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia