प्रियंका गांधी की पहल पर वायनाड के सुगंधागिरी आदिवासी गांव में शुरू होगा 'हनी मिशन', रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी ने आदिवासी बस्ती के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आदिवासी समुदायों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने के उद्देश्य से सुगंधागिरी में भी हनी मिशन का विस्तार करने का सुझाव दिया था।

फोटो: PTI
i

• प्रियंका गांधी के सुझाव पर केरल के सुगंधागिरी में शुरू होगा 'हनी मिशन'

• वायनाड के आदिवासी गांव सुगंधागिरी में रोजगार के लिए शुरू होगा 'हनी मिशन'

• सुगंधागिरी आदिवासी बस्ती में शुरू होगा 'हनी मिशन', कृषि मंत्री ने दी मंजूरी

• प्रियंका के दौरे के बाद सुगंधागिरी गांव में 'हनी मिशन' लागू करने का ऐलान

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा के सुझाव पर केरलम सरकार वायनाड जिले के सुगंधागिरी आदिवासी गांव में पहले चरण में ‘हनी मिशन’ शुरू करेगी। राज्य के कृषि मंत्री टी सिद्दीकी ने शुक्रवार को प्रियंका गांधी की मौजूदगी में इस पहल को लागू करने का आश्वासन दिया।


वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी ने आदिवासी बस्ती के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आदिवासी समुदायों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने के उद्देश्य से सुगंधागिरी में भी हनी मिशन का विस्तार करने का सुझाव दिया था।

कृषि मंत्री ने उनके सुझाव को स्वीकार करते हुए गांव में योजना लागू करने की घोषणा की। इस घोषणा का स्थानीय निवासियों ने तालियां बजाकर स्वागत किया।

‘हनी मिशन’ केरलम सरकार की एक पहल है, जिसका उद्देश्य आदिवासी क्षेत्रों में रोजगार के अवसर पैदा करना है। इसके तहत लोगों को शहद संग्रह और प्रसंस्करण का प्रशिक्षण दिया जाता है तथा उनके उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने में मदद की जाती है।

इस दौरान स्थानीय लोगों ने प्रियंका गांधी के सामने अपनी अन्य समस्याएं भी रखीं। उन्होंने उन लोगों को जमीन का मालिकाना हक देने की मांग की, जिनके पास भूमि पर अधिकार साबित करने वाले दस्तावेज हैं।


ग्रामीणों ने विकास परियोजनाओं के लिए वन विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र मिलने में होने वाली देरी की समस्या दूर करने के लिए भी कदम उठाने की मांग की। इसके अलावा, सार्वजनिक उपयोग के लिए चिह्नित लेकिन खाली पड़ी जमीन का इस्तेमाल नई विकास योजनाओं के लिए करने का उन्होंने आग्रह किया।

प्रियंका गांधी शुक्रवार सुबह सुगंधागिरी स्थित सरकारी लोअर प्राइमरी स्कूल पहुंचीं। वहां महिलाओं ने पारंपरिक आदिवासी नृत्य के साथ उनका स्वागत किया।

इस दौरान वायनाड जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रिका कृष्णन, जिला कलेक्टर वी चेलसासिनी, पोझुथाना पंचायत अध्यक्ष नासेर काथिरी, उपाध्यक्ष सुधा अनिल, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष टी जे आईजैक और अन्य स्थानीय नेता मौजूद थे।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए