सावधान दिल्लीवालों! सितंबर में डराने लगे डेंगू और मलेरिया के आंकड़े, MCD ने जारी किया अलर्ट
एमसीडी की 12 सितंबर तक की साप्ताहिक मच्छर जनित बीमारी रिपोर्ट के अनुसार, इस महीने सामने आए डेंगू के मामले कुल मामलों का एक-चौथाई से ज़्यादा हैं। मॉनसून का मौसम अभी जारी है और इस साल राजधानी में एक महीने में दर्ज किए गए ये सर्वाधिक मामले हैं।

दिल्ली में सितंबर में अब तक डेंगू के 121 मामले सामने आए हैं, जिससे इस साल कुल मामलों की संख्या 432 हो गई। इसके साथ ही, मलेरिया के भी सर्वाधिक मामले दर्ज किए गए हैं, लेकिन इस वर्ष इस बीमारी से किसी की मौत नहीं हुई।
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की 12 सितंबर तक की साप्ताहिक मच्छर जनित बीमारी रिपोर्ट के अनुसार, इस महीने सामने आए डेंगू के मामले कुल मामलों का एक-चौथाई से ज़्यादा हैं। मॉनसून का मौसम अभी जारी है और इस साल राजधानी में एक महीने में दर्ज किए गए ये सर्वाधिक मामले हैं।
इसके अलावा, नगर निकाय की रिपोर्ट से पता चलता है कि अकेले पिछले हफ़्ते में राष्ट्रीय राजधानी में डेंगू के 71 नए मामले सामने आए थे।
रिपोर्ट में कहा गया कि इस साल पश्चिमी दिल्ली में डेंगू के सर्वाधिक 57 मामले सामने आए हैं। इसके बाद मध्य ज़ोन में 54 और शाहदरा उत्तर में 50 मामले दर्ज किए गए हैं।
दिल्ली में इस वर्ष मलेरिया के 183 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 64 मामले अब तक सितंबर में ही दर्ज किए गए हैं। यह इस साल का सर्वाधिक आंकड़ा है। इस साल मलेरिया से मौत का कोई मामला सामने नहीं आया है।
एमसीडी के अनुसार, इस साल अब तक शहर में चिकनगुनिया के 24 मामले सामने आए हैं, जबकि 2025 में इसी अवधि के दौरान 46 मामले दर्ज किए गए थे। सितंबर में अब तक दो मामले दर्ज किए गए हैं।
दिल्ली में 2025 में इसी अवधि तक डेंगू के 619, 2024 में 709 और 2023 में 2,097 मामले सामने आए थे। 2022 में यह संख्या 295 थी।
अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली नगर निगम ने मच्छरों पर काबू पाने के उपाय तेज़ कर दिए हैं और उसकी टीम इस साल मच्छर पनपने की जगहों का पता लगाने के लिए 2.79 करोड़ से ज़्यादा घरों की जाँच कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि 1.47 लाख घरों में सक्रिय मच्छर लार्वा पाए गए, जबकि मच्छरों के पनपने के अनुकूल स्थितियों के लिए 1.10 लाख से ज़्यादा कानूनी नोटिस जारी किए गए। रिपोर्ट के अनुसार, नगर निकाय ने 11,943 मामले भी दर्ज किए हैं और जुर्माने के तौर पर 15.59 लाख रुपये वसूले हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
