अयोध्या से जनकपुर के लिए सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ, 604 KM का सफर 19 घंटे में होगा पूरा, जानें रूट-टाइम टेबल

अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस शुरू हो गई है। 28 नवंबर से नियमित सेवा शुरू होगी। 604 किलोमीटर का सफर 11 स्टेशनों से होकर गुजरेगा।

अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस का आज से शुभारंभ हो गया है।
i
  • अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस का आज से शुभारंभ हो गया है।

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।

  • 17 कोच वाली यह ट्रेन करीब 604 किलोमीटर की दूरी लगभग 19 घंटे में तय करेगी।

  • आम यात्रियों के लिए नियमित सेवा 28 नवंबर से शुरू होगी। अयोध्या से प्रत्येक सोमवार और जनकपुरधाम से प्रत्येक शनिवार ट्रेन चलेगी।

अयोध्या से नेपाल के जनकपुरधाम जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा शुरू हो गई है। भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुरधाम अब सीधी रेल सेवा से जुड़ गए हैं। आज, 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने वर्चुअल माध्यम से सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहे।

इस ट्रेन के शुरू होने से भारत और नेपाल के बीच यात्रा करने वाले लोगों को सीधा रेल विकल्प मिल गया है। खासकर रामायण से जुड़े दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को अब बीच में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सरयू-कमला एक्सप्रेस 17 कोच के साथ संचालित होगी और अयोध्या से जनकपुरधाम के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

हालांकि, आज का उद्घाटन परिचालन विशेष ट्रेन के रूप में हुआ है। आम यात्रियों के लिए नियमित साप्ताहिक सेवा 28 नवंबर 2026 से शुरू होगी। इसलिए यात्रियों को नियमित यात्रा के लिए निर्धारित तारीख और ट्रेन नंबर के अनुसार, टिकट बुक करना होगा।

अयोध्या से जनकपुर जाने वाली ट्रेन कब और कितने बजे चलेगी?

सरयू-कमला एक्सप्रेस की नियमित सेवा में ट्रेन नंबर 15596 अयोध्या कैंट-जनकपुरधाम एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होगी। रास्ते में अयोध्याधाम, मनकापुर, बस्ती और गोरखपुर समेत कई स्टेशनों पर इसका ठहराव होगा। ट्रेन रात 10:13 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद नरकटियागंज, सीतामढ़ी और जयनगर होते हुए मंगलवार दोपहर 12:40 बजे नेपाल के जनकपुरधाम पहुंचेगी। यह समय नेपाल का स्थानीय समय होगा।

वापसी में ट्रेन नंबर 15595 जनकपुरधाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को दोपहर 1:10 बजे जनकपुरधाम से रवाना होगी। यह दोपहर 2:25 बजे जयनगर, शाम 7 बजे सीतामढ़ी और रात 10:50 बजे नरकटियागंज पहुंचेगी। इसके बाद रविवार सुबह 3:55 बजे गोरखपुर होते हुए सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।

इस तरह अयोध्या से जनकपुरधाम और जनकपुरधाम से अयोध्या तक की यात्रा के लिए सप्ताह में एक-एक दिन सीधी ट्रेन उपलब्ध होगी। पूरा सफर लगभग 19 घंटे में पूरा होगा।


11 स्टेशनों पर रुकेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस, जानें पूरा रूट

सरयू-कमला एक्सप्रेस का रूट उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के सीमावर्ती इलाकों से होकर गुजरेगा। अयोध्या से जनकपुरधाम के बीच ट्रेन के प्रमुख ठहराव इस प्रकार हैं:

  • अयोध्या कैंट

  • अयोध्याधाम

  • मनकापुर

  • बस्ती

  • गोरखपुर

  • नरकटियागंज

  • रक्सौल

  • सीतामढ़ी

  • शीशो

  • मधुबनी

  • जयनगर

  • जनकपुरधाम

रेलवे की ओर से ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव जयनगर में किया जाएगा। नरकटियागंज और गोरखपुर में पानी भरने की व्यवस्था भी रहेगी। ट्रेन में 17 कोच होंगे, जिनमें एसी और स्लीपर श्रेणी के कोच शामिल हैं।

टिकट बुकिंग और यात्रियों के लिए जरूरी जानकारी

इस ट्रेन में यात्रियों के लिए कन्फर्म टिकट की व्यवस्था होगी। रेलवे के निर्धारित नियमों के मुताबिक इसमें RAC और वेटिंग लिस्ट की सुविधा नहीं होगी। यात्रियों को टिकट बुक करते समय ट्रेन नंबर और यात्रा की तारीख का विशेष ध्यान रखना होगा।

इस सीधी रेल सेवा का सबसे बड़ा फायदा यह है कि अब अयोध्या से जनकपुरधाम और जनकपुरधाम से अयोध्या आने के लिए यात्रियों को बीच में दूसरे साधन नहीं तलाशने पड़ेंगे। दोनों देशों के बीच धार्मिक पर्यटन के साथ सीमावर्ती इलाकों की रेल कनेक्टिविटी को भी इससे बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए