गोवा के बाद अब बंगाल में बिसलेरी का नमूना फेल, मिला कोलीफार्म बैक्टीरिया, FSSAI ने दी मुकदमे की मंजूरी

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा गांव में स्थित बिसलेरी प्लांट से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का कानूनी नमूना लिया गया था। जांच के दौरान इसमें कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी पाई गई।

गोवा के बाद अब बंगाल में बिसलेरी का नमूना फेल
i
  • FSSAI ने बिसलेरी के खिलाफ एक और मामले में कानूनी कार्रवाई को मंजूरी दे दी है।

  • गोवा के बाद अब बंगाल में बिसलेरी का नमूना फेल

  • जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा गांव में स्थित बिसलेरी प्लांट से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का कानूनी नमूना लिया गया था।

पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर बनाने वाली प्रमुख कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ एक और मामले में कानूनी कार्रवाई को मंजूरी दे दी है। यह कदम पश्चिम बंगाल स्थित बिसलेरी के प्लांट से लिए गए पानी के नमूने की जांच में खामियां सामने आने के बाद उठाया गया है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट में पानी को असुरक्षित बताया गया है।

पानी के नमूने में मिला कोलीफॉर्म बैक्टीरिया

जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा गांव में स्थित बिसलेरी प्लांट से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का कानूनी नमूना लिया गया था। जांच के दौरान इसमें कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी पाई गई। खास बात यह है कि शुरुआती जांच करने वाली प्रयोगशाला के साथ-साथ रेफरल लैब ने भी बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि की।

इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा नियामक ने मामले को गंभीरता से लिया और कंपनी के खिलाफ अभियोजन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का फैसला किया।

पहले एक बैच की बिक्री पर लगाई गई थी रोक

इस मामले में एफएसएसएआई ने 12 अगस्त 2026 को संबंधित पानी के केवल एक बैच की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया था। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद अब कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति भी दे दी गई है।

नियामक के मुताबिक, जांच में नमूना निर्धारित ब्रोमेट सीमा से जुड़े मानकों पर भी खरा नहीं उतरा। इसी आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत इसे असुरक्षित घोषित किया गया।

दोबारा जांच में भी सामने आईं गंभीर खामियां

प्रारंभिक प्रयोगशाला की रिपोर्ट के बाद बिसलेरी ने नमूने की जांच को चुनौती दी थी। कंपनी की अपील पर पानी के नमूने को रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया। हालांकि, वहां हुई दोबारा जांच में भी नमूने को सुरक्षित नहीं पाया गया।

एफएसएसएआई के अनुसार, रेफरल लैब की जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) की मौजूदगी सामने आई। दोनों प्रयोगशालाओं से मिली रिपोर्ट के आधार पर नियामक ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अभियोजन की मंजूरी जारी की है।

गोवा प्लांट को लेकर भी हो चुकी है कार्रवाई

बिसलेरी के लिए यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले रविवार को एफएसएसएआई ने गोवा में कंपनी के एक प्लांट से लिए गए पानी के नमूने की जांच में मानकों का उल्लंघन मिलने के बाद इसी तरह की कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी थी।

इस साल खाद्य नियामक ने खाद्य उत्पाद बनाने वाली कंपनियों के साथ-साथ ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी निगरानी और प्रवर्तन कार्रवाई तेज की है। एनर्जी ड्रिंक और मादक पेय पदार्थों का उत्पादन करने वाली कंपनियां भी नियामक की कार्रवाई के दायरे में आई हैं।

बिसलेरी ने उत्पाद को बताया सुरक्षित

वहीं, कंपनी ने सोमवार को अपने उत्पाद को उपभोग के लिए सुरक्षित बताया था। बिसलेरी का कहना था कि वह इस मामले को सुलझाने के लिए एफएसएसएआई के साथ पूरा सहयोग करेगी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए