बैंक यूनियनों की आज देशव्यापी हड़ताल, कई राज्यों में प्रभावित होंगी सेवाएं, जानें क्या है मांगे?

कर्मचारी यूनियनों ने पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत अपनी लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
i

बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के चलते देश के कई हिस्सों में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है। कर्मचारी यूनियनों ने पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत अपनी लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इसका सबसे ज्यादा असर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में नकद जमा और निकासी जैसी सेवाओं पर पड़ सकता है।

हड़ताल के बाद 12 और 13 सितंबर को बैंक अवकाश रहेगा। वहीं, कुछ राज्यों में 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के कारण भी बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में कई राज्यों में बैंकिंग सेवाएं लगातार चार दिनों तक प्रभावित रहने की आशंका है।

अधिकांश सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने अपने ग्राहकों को हड़ताल के संभावित असर की जानकारी दे दी है। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने भी ग्राहकों को सूचित किया है कि शाखाओं और कार्यालयों में सामान्य कामकाज बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। हालांकि, हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।

इसी बीच, सात बैंक कर्मचारी और अधिकारी संगठनों के महासंघ यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने 28 सितंबर से तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल की चेतावनी भी दी है। प्रस्तावित हड़ताल छमाही खाताबंदी के दौरान होगी, जिससे बैंकिंग सेवाओं पर एक बार फिर व्यापक असर पड़ सकता है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए