उत्तर प्रदेश: बस एक सिलेंडर की खातिर! एजेंसी के बाहर मच्छरदानी लगाकर सोने को मजबूर

उत्तर प्रदेश के बस्ती में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत के कारण लोग एजेंसी के बाहर रातभर लाइन में खड़े हैं। आलम यह है कि मच्छरदानी लगाकर सड़क पर रात गुजारने को लोग मजबूर हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में गैस सिलेंडर की किल्लत ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित रत्नाकर गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं ने डेरा डाल दिया है। हालात ऐसे हैं कि लोग रात 10 बजे से ही लाइन में लगकर अपना नंबर सुरक्षित कर रहे हैं, ताकि सुबह एजेंसी खुलते ही उन्हें सिलेंडर मिल सके।

मच्छरदानी लगाकर सड़क पर गुजार रहे रात

गैस की भारी कमी के चलते एक युवक ने एजेंसी के बाहर ही मच्छरदानी लगाकर रात बिताने का इंतजाम कर लिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिख रहा है कि लोग बिछावन और मच्छरदानी लेकर एजेंसी के बाहर पहुंचे हैं।

सिलेंडर न मिलने के डर से लोग घर लौटने के बजाय फुटपाथ को ही अपना अस्थायी ठिकाना बना चुके हैं, ताकि सुबह सबसे पहले गैस मिल सके।


बुजुर्गों और महिलाओं पर सबसे ज्यादा असर

नियमित आपूर्ति न होने से स्थानीय निवासियों, खासकर बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। पूरी रात जागकर फुटपाथ पर लाइन में खड़े रहना उनके लिए मजबूरी बन गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि घंटों लाइन में लगने के बाद भी कई बार गैस नहीं मिल पाती, जिससे निराशा अब नाराजगी में बदल रही है।

प्रशासन से त्वरित समाधान की मांग

ग्राहकों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि उन्हें इस तरह की अमानवीय स्थिति का सामना न करना पड़े।

लोगों का कहना है कि अगर सप्लाई ठीक हो जाए, तो उन्हें रातभर सड़क पर गुजारने और मच्छरों के बीच रहने की मजबूरी नहीं होगी।  

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia