BCCI के ब्रॉडकास्ट इंजीनियर की मौत, मुंबई के होटल में मिला शव, IPL मैच कवरेज की थी जिम्मेदारी

आईपीएल मैचों के प्रसारण कार्य से जुड़े भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड के साथ ब्रॉडकास्ट इंजीनियर के रूप में काम कर रहे ब्रिटिश नागरिक इयान विलियम्स लैंगफोर्ड मुंबई के ट्राइडेंट होटल के अपने कमरे में मृत पाए गए।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के रोमांचक मुकाबलों के बीच एक दुखद खबर सामने आई है। आईपीएल मैचों के प्रसारण कार्य से जुड़े भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड के साथ ब्रॉडकास्ट इंजीनियर के रूप में काम कर रहे ब्रिटिश नागरिक इयान विलियम्स लैंगफोर्ड मुंबई के ट्राइडेंट होटल के अपने कमरे में मृत पाए गए। इस घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, इयान 24 मार्च से ट्राइडेंट होटल में ठहरे हुए थे और आईपीएल मैचों की कवरेज से जुड़े तकनीकी कार्य में लगे थे। 29 मार्च को मैच समाप्त होने के बाद वह अपने कमरे में लौट गए थे। अगले दिन 30 मार्च को होटल रिसेप्शन की ओर से उन्हें फोन किया गया, लेकिन कमरे से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद होटल स्टाफ मास्टर चाबी की मदद से कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचा, जहां इयान फर्श पर अचेत अवस्था में पड़े मिले।

तुरंत होटल के डॉक्टर को बुलाया गया, जिन्होंने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मरीन ड्राइव पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

गौरतलब है कि 29 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला खेला गया था। इस मैच में मुंबई इंडियंस ने शानदार जीत दर्ज की थी। यह इस मैदान पर मौजूदा सत्र का पहला मुकाबला था, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंचे थे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia