नामांकन दाखिल करते समय रहें सावधान, नए अधिकारी खारिज कर सकते हैं- ममता ने TMC उम्मीदवारों को किया आगाह

ममता ने बीरभूम जिले के नानूर में एक चुनावी सभा में कहा कि सब कुछ बदल दिया गया है, यहां नयी व्यवस्था है। निर्वाचन आयोग द्वारा नवनियुक्त अधिकारियों को आपका नामांकन खारिज करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है इसलिए नामांकन दाखिल करते समय सावधानी बरतें।

नामांकन दाखिल करते समय रहें सावधान, नए अधिकारी खारिज कर सकते हैं- ममता ने TMC उम्मीदवारों को किया आगाह
i
user

नवजीवन डेस्क

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने बुधवार को आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग द्वारा नवनियुक्त अधिकारियों को उनकी पार्टी के उम्मीदवारों के नामांकन पत्र खारिज करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है और उन्होंने पार्टी उम्मीदवारों से नामांकन दाखिल करते समय सावधानी बरतने को कहा है।

ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में बीरभूम जिले के नानूर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर राजनीतिक लाभ के लिए केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। ममता ने रैली में कहा, “सब कुछ बदल दिया गया है, यहां नयी व्यवस्था है। निर्वाचन आयोग द्वारा नवनियुक्त अधिकारियों को आपका नामांकन खारिज करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है इसलिए नामांकन दाखिल करते समय सावधानी बरतें।”


मुख्यमंत्री ने लोगों, खासकर महिलाओं से बीजेपी को वोट नहीं देने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘‘वे (बीजेपी) महिला विरोधी हैं इसलिए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में तार्किक विसंगति का हवाला देकर उनके नाम हटाए जा रहे हैं।’’ ममता बनर्जी ने एसआईआर पर उच्चतम न्यायालय की टिप्पणियों का भी स्वागत किया और कहा कि वह इससे खुश हैं।

इससे पहले दिन में, न्यायालय ने कहा कि अपीलीय न्यायाधिकरण उन अपीलों पर फैसला करेंगे जो उन व्यक्तियों द्वारा दायर की जाएंगी जिनके नाम मतदाता सूचियों से हटा दिए गए हैं और उन अपीलों पर भी जो चुनाव आयोग के अधिकारियों द्वारा कथित गलत तरीके से नाम शामिल किए जाने के खिलाफ दायर की जाएंगी।

बाद में, बर्वान में एक अन्य रैली में मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बीजेपी लोगों से उनके बैंक खाता नंबर मांग रही है और उन्हें चेतावनी दी कि वे उन्हें साझा न करें। उन्होंने कहा, “यह बीजेपी की रणनीति है- चुनाव से पहले लोगों को नकद पैसे देना और फिर चुनाव के बाद उन्हें मूर्ख बनाना।”

पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव दो चरण में 23 और 29 अप्रैल को होंगे। मतगणना चार मई को होगी। चुनाव की घोषणा के बाद से ही राज्य में चुनाव प्रचार अभियान चरम पर है। पिछले दिनों कई जगहों पर टीएमसी और बीजेपी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो चुकी है। जैसे-जैसे चुनाव की तारीख करीब आएगी, वैसे-वैसे आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी बढ़ता जाएगा।