छठ महापर्व से पहले दिल्ली में ‘नकली यमुना’ पर घिरी बीजेपी, सौरभ भारद्वाज ने सरकार पर लगाया आरोप
सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि मुख्य पाइपलाइन से एक छोटी पाइप जोड़कर उसे जमीन के अंदर दबा दिया गया है, जो सीधे वासुदेव घाट पर बनाई गई नकली यमुना में जाकर मिलती है। उन्होंने कहा कि पाइप को घास से ढककर छिपाने की कोशिश की गई है, ताकि किसी को पता न चले।

आप ने बीजेपी सरकार पर वासुदेव घाट पर नकली यमुना तैयार करने का आरोप लगाया
उसके लिए जमीन के नीचे पीने के साफ पानी की पाइपलाइन बिछाने का आरोप लगाया
मेन पाइपलाइन से छोटी पाइप जोड़कर उसे जमीन के अंदर दबा दिया गया
सरकार ने पाइपलाइन को घास और अन्य चीजों से ढककर छिपाने की कोशिश की
दिल्ली में छठ महापर्व की तैयारियों के बीच यमुना की सफाई को लेकर एक बार फिर सियासत तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (आप) ने बीजेपी सरकार पर वासुदेव घाट पर नकली यमुना तैयार करने और उसके लिए जमीन के नीचे पीने के साफ पानी की पाइपलाइन बिछाने का आरोप लगाया है। आप के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी इस मुद्दे पर सरकार पर निशाना साधा है।
आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर सरकार की तैयारियों पर सवाल उठाए हैं। सौरभ भारद्वाज का आरोप है कि पिछले साल की तरह इस बार भी बीजेपी सरकार छठ महापर्व के दौरान लोगों को यह दिखाने की कोशिश कर रही है कि यमुना साफ हो चुकी है, जबकि वास्तविकता कुछ और है।
वासुदेव घाट पर नकली यमुना तैयार की गई
उन्होंने कहा कि अगर सरकार के दावे के मुताबिक यमुना पूरी तरह साफ हो गई है तो फिर वासुदेव घाट पर नकली यमुना तैयार करने के लिए पीने के साफ पानी का इस्तेमाल करने की जरूरत क्यों पड़ रही है? उन्होंने सवाल उठाया कि पानी की पाइपलाइन को जमीन के अंदर छिपाने की आखिर क्या जरूरत है?
सौरभ भारद्वाज ने वीडियो के जरिए वासुदेव घाट की स्थिति दिखाते हुए बताया कि पिछले साल बीजेपी सरकार द्वारा बनाई गई नकली यमुना का मामला पूरे देश में चर्चा का विषय बना था। उस समय आम आदमी पार्टी ने इसका खुलासा किया था, जिसके बाद बीजेपी सरकार को देशभर में आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले साल हुई किरकिरी के बावजूद सरकार ने इस बार भी वही तरीका अपनाया है, लेकिन इस बार पाइपलाइन को छिपाने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।
सरकार गलत नहीं तो छिपाने की कोशिश क्यों
आप प्रदेश अध्यक्ष ने दिल्ली जल बोर्ड की मुख्य पानी की पाइपलाइन का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले साल हरे रंग की मुख्य पाइपलाइन से एक छोटी पाइप जोड़कर पानी नकली यमुना तक पहुंचाया गया था। इस बार मौके पर वैसी कोई पाइप बाहर दिखाई नहीं दे रही है। जब उन्होंने मुख्य पाइपलाइन के आसपास की जमीन का निरीक्षण किया तो वहां खुदाई के निशान मिले। उनका दावा है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद खुदी हुई जमीन को दोबारा ठीक किया गया और उसे छिपाने के लिए ऊपर से घास जैसी कृत्रिम परत बिछा दी गई।
सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि मुख्य पाइपलाइन से एक छोटी पाइप जोड़कर उसे जमीन के अंदर दबा दिया गया है, जो सीधे वासुदेव घाट पर बनाई गई नकली यमुना में जाकर मिलती है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस पाइपलाइन को घास और अन्य चीजों से ढककर छिपाने की कोशिश की है, ताकि किसी को इसकी जानकारी न हो सके। उन्होंने सवाल किया कि यदि सरकार कुछ गलत नहीं कर रही है तो पाइपलाइन और खुदाई के निशानों को छिपाने की जरूरत क्यों पड़ रही है?
पिछले साल भी नकली यमुना का खुलासा हुआ था
उन्होंने पिछले साल वासुदेव घाट को लेकर हुए प्रचार का भी जिक्र किया। भारद्वाज के मुताबिक, उस समय मीडिया में खबरें चल रही थीं कि प्रधानमंत्री वासुदेव घाट पहुंचकर छठ पूजा में शामिल हो सकते हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी द्वारा नकली यमुना का खुलासा किए जाने के बाद प्रधानमंत्री वहां नहीं पहुंचे।
इस मामले पर मनीष सिसोदिया ने भी बीजेपी सरकार को घेरते हुए एक्स पर लिखा कि बीजेपी के शासन में दिल्ली में एक बार फिर नकली यमुना तैयार की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को यह दावा करना है कि यमुना साफ हो गई है, इसलिए वासुदेव घाट पर जमीन के नीचे छिपाकर पीने के साफ पानी की पाइपलाइन बिछाई जा रही है।
मनीष सिसोदिया ने भी बीजेपी को घेरा
मनीष सिसोदिया ने कहा कि पिछले साल भी नकली यमुना बनाकर सफाई का दावा करने वाली बीजेपी सरकार की पोल खुल गई थी। छठ महापर्व से ठीक पहले यमुना की सफाई और घाटों की तैयारियों को लेकर उठे इन सवालों ने दिल्ली की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। आम आदमी पार्टी ने बीजेपी सरकार के यमुना सफाई के दावों पर सवाल उठाते हुए पारदर्शिता की मांग की है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
