कोरोना से मचे कोहराम के बीच बंगाल BJP अध्यक्ष बोले- वायरस से बचने के लिए पिए गौमूत्र, गधे नहीं समझेंगे इसकी अहमियत

श्चिम बंगाल के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कोरोना इलाज को लेकर दावा किया है। दिलीप घोष ने अपने एक बयान में कहा है कि गोमूत्र पीने से शरीर की वायरस से लड़ने की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

दुनिया भर में कोरोना वायरस का कहर जारी है। पूरी दुनिया इस महामारी से बचने के लिए दवा और वैक्सीन बनाने में रात दिन जुटी हुई है। लेकिन अभी तक किसी देश को पूरी तरह से सफलता नहीं मिली है। इस बीच पश्चिम बंगाल के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कोरोना का इलाज को लेकर दावा किया है। दिलीप घोष ने अपने एक बयान में कहा है कि गोमूत्र पीने से शरीर की वायरस से लड़ने की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।

दिलीप घोष का एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया है, जिसमें दिलीप घोष एक बैठक के दौरान लोगों को घरेलू चीजों की अहमियत बता रहे हैं। वह लोगों से यह भी कह रहे हैं कि गोमूत्र पीने से लोग स्वस्थ रहते हैं। वीडियो में दिलीप घोष आगे कहते हैं कि यदि मैं आपसे गाय की बात करूं तो बहुत से लोग इससे असहज हो जाएंगे। गधे कभी भी एक गाय की अहमियत नहीं समझेंगे।

उन्होंने आगे गाय की अहमियत को बताते हुए कहा कि स्वस्थ रहने के लिए गोमूत्र पीना चाहिए। जो शराब पीते हैं वो कैसे एक गाय की अहमियत को समझेंगे।


गौरतलब है कि इससे पहले उत्तरी कोलकाता के जोरासाखो इलाके के स्थानीय पार्टी कार्यकर्ता नारायण चटर्जी ने एक गोशाला में गो पूजा कार्यक्रम का आयोजन किया था और गोमूत्र वितरित किया था। उसने दूसरों को गोमूत्र देते हुए इसके ‘चमत्कारिक’ गुणों का जिक्र किया था। इस कार्यक्रम में गोमूत्र के सेवन के बाद एक स्वयंसेवी ही बीमार पड़ गया था। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के बाद बीजेपी कार्यकर्ता को अगले दिन गिरफ्तार कर लिया था।

बता दें कि देश में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, देश में 24 घंटे में कोरोना के रिकॉर्ड 34,884 नए केस सामने आए हैं और 671 लोगों की मौत हो गई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 18 Jul 2020, 12:32 PM