बंगाल: कैमरे पर पकड़े गए तृणमूल कार्यकर्ताओं को धमकाते चुनाव आयोग के ‘पर्यवेक्षक’
बंगाल में दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया कि राज्य में तैनात पुलिस पर्यवेक्षक टीएमसी कार्यकर्ताओं को धमका रहे हैं। पार्टी ने इस बाबत कुछ वीडियो भी शेयर किए हैं। बंगाल में दूसरे दौर की वोटिंग कल होनी है।

पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग द्वारा तैनात पुलिस पर्यवेक्षक मतदाताओं और राजनीतिक कार्यकर्ताओं को धमका रहे हैं। इस किस्म के वीडियो सामने आने के बाद विवादों बढ़ने लगा है। ध्यान रहे कि इसी बीच चुनाव आयोग ने सोमवार, 27 अप्रैल को 'उपद्रवियों' की एक नई सूची जारी की थी, जिसमें दूसरे दौर की 142 विधानसभा सीटों में तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हज़ारों लोगों के नाम शामिल हैं। इन सभी सीटों पर बुधवार को मतदान होना है। चुनाव आयोग द्वारा जारी इस सूची को एहतियाती कार्रवाई या हिरासत में लेने के अनुरोध के साथ जारी किया गया। चुनाव आयोग इस बाबत कलकत्ता हाईकोर्ट के उस आदेश का हवाला भी दिया, जिसने 'उपद्रवियों' पर जारी उसकी पिछली सलाह पर रोक लगा दी थी, लेकिन साथ ही यह शर्त भी रखी थी कि यदि सूची में शामिल लोगों द्वारा कोई अपराध किया जाता है, तो उन पर कार्रवाई की जा सकती है।
इस बीच, राज्य में तैनात पुलिस ऑब्ज़र्वर—जो बीजेपी शासित राज्यों के आईपीएस अधिकारी हैं—विवादों में घिर गए हैं। तृणमूल कांग्रेस ने इससे पहले एक ऑब्ज़र्वर का सीसीटीवी फ़ुटेज जारी किया था, जिसमें वह डायमंड हार्बर के एक होटल की लॉबी में बीजेपी उम्मीदवार से मुलाक़ात करते हुए दिखे थे। कम से कम दो अन्य आईपीएस अधिकारी—जिनमें से एक यूपी और दूसरा ओडिशा से है—भी कैमरे पर तृणमूल कार्यकर्ताओं को धमकाते हुए और उन्हें वोटिंग के दिन घर पर ही रहने की सलाह देते हुए रिकॉर्ड किए गए हैं।
उत्तर प्रदेश से भेजे एक पुलिस अफसर अजय पाल शर्मा दक्षिण 24 परगना में खुलेआम धमकी देते देखे गए। एक वीडियों मे वे कहते दिख रहे हैं कि, “जहांगीर के घर वाले खड़े हैं, उसके बता देना कि कायदे से रहे...यह बार बार जो खबर आ रही है कि जहांगीर के लोग धमका रहे हैं, तो फिर अच्छे से खबर लेंगे, फिर बाद में रोना और पछताना मत...।” यहां बुधवार को मतदान होना है। एक अन्य मामले में उत्तर प्रदेश कैडर के विवादित पुलिस अधिकारी शर्मा को केंद्रीय अर्धसैनिक बलों से घिरा हुआ देखा जा सकता है, जब वह महिलाओं समेत गांव वालों के एक समूह को धमका रहे हैं।
इस सिलसिले में तृणमूल कांग्रेस ने मोर्चा संभालते हुए 'पर्यवेक्षकों' को चेतावनी दी कि वे अपने कर्तव्यों का पालन कानून के दायरे में रहकर ही करें। पार्टी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, "योगी आदित्यनाथ के 'एनकाउंटर स्पेशलिस्ट' अजय पाल शर्मा वही व्यक्ति हैं, जिनके लिए 'एनकाउंटर' में मारे गए लोगों की संख्या ही उनका 'सम्मान का तमगा' है, और जिनकी असली खासियत पुलिस की वर्दी को एक 'निजी एटीएम' और निजी दुश्मनी निकालने के हथियार के तौर पर इस्तेमाल करना है।"
पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि एक एसआईटी ने शर्मा के खिलाफ सतर्कता जांच की सिफारिश की थी; शर्मा पर आपराधिक विश्वासघात, आपराधिक साजिश रचने और सबूतों को मिटाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था।
एक अलग पोस्ट में, तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने एक और आईपीएस अधिकारी, ओडिशा कैडर के बट्टुला गंगाधर के बारे में टिप्पणी की है। गंगाधर नादिया ज़िले में ऑब्ज़र्वर के तौर पर तैनात हैं। महुआ ने लिखा, "यह ओडिशा का बौध नहीं है, जहां आप अपने जूनियर्स को पीट सकते हैं। पुलिस पर हमारे कार्यकर्ताओं को धमकाने और उन्हें घर के अंदर रहने के लिए कहने का दबाव डालना बंद करें। यह गैर-कानूनी है। आपको इसके गंभीर नतीजे भुगतने होंगे।"
तृणमूल कांग्रेस के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, “2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान, चुनाव आयोग ने देश भर की 543 सीटों पर 3.4 लाख केंद्रीय बलों के जवान—यानी लगभग 3,400 कंपनियां—तैनात किए थे। लेकिन अकेले बंगाल में, इस चुनाव के लिए, उन्होंने 2,400 कंपनियां—यानी 2.4 लाख केंद्रीय बल के जवान—और साथ में 95 पुलिस पर्यवेक्षक तैनात किए हैं। वे आधी रात को छापे मार रहे हैं, रात के सन्नाटे में आम नागरिकों और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के घरों में ज़बरदस्ती घुस रहे हैं; वे परिवारों को आतंकित कर रहे हैं, मतदाताओं को डरा-धमका रहे हैं, पतियों की गैर-मौजूदगी में महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचा रहे हैं, और यहाँ तक कि बच्चों को भी नहीं बख्श रहे हैं।”
उन्होंने पूछा कि जब 2027 में उत्तर प्रदेश में चुनाव होंगे, तो क्या चुनाव आयोग 'पर्यवेक्षकों' को वैसी ही आज़ादी देगा? उन्होंने हैरानी जताते हुए पूछा कि क्या पश्चिम बंगाल के आईपीएस अधिकारियों को उत्तर प्रदेश में बजरंग दल और आरएसएस कार्यकर्ताओं को धमकाने की इजाज़त दी जाएगी? और क्या वहां भी केंद्रीय बलों की तैनाती इतनी ही बड़े पैमाने पर होगी?
इस तरह के वीडियो सामने आने पर एक रिटायर्ड आईएएस अधिकारी ने कहा कि, “मैंने अलग-अलग राज्यों में हुए तीन अलग-अलग लोकसभा चुनावों में चुनाव पर्यवेक्षक के तौर पर काम किया है। हमें जो सबसे ज़रूरी नियम सिखाया गया था, वह बहुत सीधा-सा था: एक -चुनाव पर्यवेक्षक चुनाव आयोग की आंख-कान होता है, लेकिन उसे अपना मुँह बंद रखना चाहिए।”
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बंगाल में ज़ोर-शोर से चुनाव प्रचार के बाद राज्य से रवाना हो गए। प्रधानमंत्री ने तो जाते-जाते वादा भ किया कि वे बीजेपी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए वापस आएंगे, जबकि गृह मंत्री ने यह भरोसा दिलाया कि चुनाव के बाद भी केंद्रीय सुरक्षा बल 60 दिनों तक बंगाल में ही रहेंगे।
तृणमूल कांग्रेस ने शिकायत करते हुए कहा कि गृह मंत्री का यह आश्वासन, बीजेपी से जुड़े 'गुंडों' को कानूनी कार्रवाई से बचाने के लिए दिया गया है; इसके लिए उन्होंने शुक्रवार को तृणमूल उम्मीदवार मिताली बाग पर हुए हमले का हवाला भी दिया। जानकारों का मानना है कि शाह का यह वादा, मतदान के दूसरे चरण के दौरान बीजेपी के अपने ही मतदाताओं का मनोबल भी गिरा सकता है, क्योंकि इसे इस बात की स्वीकारोक्ति के तौर पर देखा जा रहा है कि बीजेपी सरकार बनाने में नाकाम रहेगी।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia