Bengal Election Results 2026: मतगणना जारी, ममता बनर्जी का कार्यकर्ताओं को सख्त संदेश, हर गतिविधि पर रखें नजर
ममता बनर्जी ने अपने कार्यकर्ताओं से कहा कि सतर्क रहें। निगरानी रखें। रात भर जागते रहें। शिकायतें दर्ज करें। मुझे अलग-अलग जगहों से रिपोर्ट मिल रही हैं कि जान-बूझकर बिजली काटी जा रही है।

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजे आज घोषित होंगे। वोटों की गिनती जारी है। मतगणना से पहे बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया है। जहां उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने, निगरानी रखने, रात भर जागते रहने और शिकायतें दर्ज करने के लिए कहा है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "सतर्क रहें। निगरानी रखें। रात भर जागते रहें। शिकायतें दर्ज करें। मुझे अलग-अलग जगहों से रिपोर्ट मिल रही हैं कि जान-बूझकर बिजली काटी जा रही है (लोड-शेडिंग की जा रही है)। हुगली के श्रीरामपुर से लेकर नदिया के कृष्णानगर तक, बर्दवान के औसग्राम से लेकर कोलकाता के खुदीराम अनुशीलन केंद्र तक ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं।"
उन्होंने आगे लिखा कि जहां चरणबद्ध तरीके से बिजली काटी जा रही है, सीसीटीवी कैमरे बंद किए जा रहे हैं और स्ट्रॉन्ग रूम के अंदर-बाहर गाड़ियां आ-जा रही हैं। मैं अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान करती हूं, जिस तरह मैं हर चीज पर नजर रखने के लिए पूरी रात जाग रही हूं, उसी तरह आप भी पूरी रात जागते रहें और स्ट्रॉन्ग रूम में लोगों के वोटों की पहरेदारी करें। अगर कहीं भी कोई संदिग्ध स्थिति पैदा होती है, तो तुरंत शिकायत दर्ज करें और सीसीटीवी फुटेज की मांग करें। यह सब बीजेपी के इशारे पर किया जा रहा है।"
पश्चिम बंगाल में 293 विधानसभा सीट के लिए 77 केंद्रों पर मतों की गिनती की जा रही है, जहां इस बार अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मतगणना से पहले राज्य में सत्तारूढ़ टीएमसी और विपक्षी बीजेपी दोनों ने वोट में हेरफेर की आशंका व्यक्त की है।
राज्य में दो चरणों का चुनाव 29 अप्रैल को खत्म हुआ था, जिसमें आजादी के बाद से अब तक का सबसे अधिक 92.47 प्रतिशत मतदान हुआ। दक्षिण 24 परगना जिले के एक निर्वाचन क्षेत्र फाल्टा में ‘गंभीर चुनावी अनियमितताओं’ के कारण चुनाव रद्द कर दिया गया और वहां 21 मई को दोबारा चुनाव कराया जाएगा।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने रविवार शाम भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए अपनी पार्टी के मतगणना एजेंटों के साथ बैठक की थी। ममता बनर्जी इस सीट से इस बार भी उम्मीदवार हैं, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू होने से कुछ घंटे पहले यह अहम बैठक हुई थी।