बंगाल चुनाव: EC ने DGP और कोलकाता पुलिस कमिश्नर को हटाया, सिद्ध नाथ गुप्ता को पुलिस की कमान
चुनाव आयोग के आदेश के अनुसार, 1992 बैच के आईपीएस सिद्ध नाथ गुप्ता को पश्चिम बंगाल के नए डीजीपी बनाने के अलावा, नटराजन रमेश बाबू को डीजी (करेक्शनल सर्विसेज), अजय मुकुंद रानाडे को एडिशनल डीजी (लॉ एंड आर्डर) नियुक्त किया गया है।

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद भारतीय निर्वाचन आयोग ने बड़ा फेरबदल किया है। आयोग ने पीयूष पांडे को हटाते हुए सिद्ध नाथ गुप्ता को पश्चिम बंगाल का नया पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया है। इसके अलावा, सुप्रतिम सरकार की जगह अजय कुमार नंद को कोलकाता का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में आश्वासन दिया था कि पश्चिम बंगाल में चुनाव हिंसा-मुक्त और शांतिपूर्ण होंगे। इसके अगले ही दिन पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, जिनमें पश्चिम बंगाल के डीजीपी और कोलकाता पुलिस कमिश्नर भी शामिल हैं, की नियुक्ति और तबादला किया है।
चुनाव आयोग ने सोमवार को कई शीर्ष अधिकारियों के तत्काल तबादले और नियुक्ति का आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार, 1992 बैच के आईपीएस सिद्ध नाथ गुप्ता को पश्चिम बंगाल के नए डीजीपी बनाने के अलावा, नटराजन रमेश बाबू को डीजी (करेक्शनल सर्विसेज), अजय मुकुंद रानाडे को एडिशनल डीजी (लॉ एंड आर्डर) नियुक्त किया गया है।
चुनाव आयोग की कार्रवाई पर टीएमसी की प्रतिक्रिया आई है। टीएमसी सांसद सागरिका घोष ने पश्चिम बंगाल के डीजीपी और गृह सचिव के ट्रांसफर पर कहा, "जिस तरीके से चुनाव आयोग ने देर रात 4 बजे पश्चिम बंगाल के गृह सचिव और डीजीपी का ट्रांसफर किया, वह स्वीकार्य नहीं है। बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व में एक निर्वाचित सरकार है। इस समय चुनाव आयोग के पास ये अधिकार हैं, लेकिन वह इनका दुरुपयोग कर रहा है ताकि बंगाल की चुनी हुई सरकार को नुकसान पहुंचाया जा सके। हमने इस मुद्दे को सदन में उठाया है। हमारे नेता डेरेक ओ’ब्रायन ने भी यह मुद्दा उठाया, और विरोध स्वरूप अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस ने पूरे दिन के लिए संसद से वॉकआउट किया है।"
इससे पहले, रविवार रात को आयोग ने पश्चिम बंगाल की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और राज्य के गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा के तबादलों का आदेश दिया। आयोग ने यह भी आदेश दिया कि दोनों किसी भी प्रकार के चुनाव संबंधी कार्य में शामिल नहीं होंगे। दुष्यंत नरियाला ने चक्रवर्ती, वहीं संघमित्रा घोष ने मीणा की जगह ली है।
ईसीआई ने रविवार को घोषणा की कि पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव दो चरणों में होंगे, जिसमें मतदान 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होगा। 2021 में बंगाल में 8 चरणों में चुनाव संपन्न हुए थे।
ईसीआई के अनुसार, इस बार पहले चरण में 152 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा और दूसरे चरण में 142 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। दोनों चरणों के वोटों की गिनती 4 मई को होगी। चुनाव प्रक्रिया 6 मई तक पूरी हो जाएगी।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia